कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने स्कूल के निर्माण में लापरवाही करने वाले ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए

सारंगढ़ बिलाईगढ़।कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के पीएमश्री स्कूलों के प्राचार्यों एवं प्रधान पाठकों की महत्वपूर्ण बैठक लेकर शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और बोर्ड परीक्षा परिणामों का गहन समीक्षा किया। उन्होंने कार्यालय के सभी रिकार्ड, लेखा-जोखा को संधारित रखने के निर्देश दिए। बैठक में शिक्षा विभाग के पीएमश्री स्कूल के नोडल अधिकारी नरेश चौहान उपस्थित थे।
कलेक्टर ने कहा कि पीएमश्री स्कूल जिले के मॉडल स्कूल हैं, इसलिए इनका संचालन उत्कृष्ट स्तर पर सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक विकासखंड में एक पीएमश्री स्कूल संचालित है और इन विद्यालयों को आदर्श बनाकर अन्य स्कूलों को भी प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने बैठक में कहा कि, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर अनुशासन, नवाचारपूर्ण गतिविधियों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया।
जिलाधीश डॉ कन्नौजे ने बैठक में दो टूक कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी शिक्षक द्वारा पढ़ाई में लापरवाही बरती जाती है तो संबंधित शिक्षक एवं विषय शिक्षक पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी स्कूलों में बोर्ड परीक्षा में 100 प्रतिशत परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर कन्नौजे ने स्कूल के निर्माण में लापरवाही करने वाले ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई करने और स्कूल भवन निर्माण के गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।
आगामी दिनों में दिल्ली से ज्वाइंट सेक्रेटरी द्वारा जिले के पीएमश्री स्कूलों का निरीक्षण किया जाएगा, जिसके सम्बन्ध में कलेक्टर डॉ संजय ने सभी स्कूलों की वर्तमान स्थिति, लक्ष्य आदि की जानकारी लेकर आवश्यक कार्यों को समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए, वहीं स्कूलों में विद्यार्थियों की 100 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




