
बिलासपुर में राउत नाच महोत्सव आज, CM साय 143 करोड़ के विकासकार्यों का करेंगे लोकार्पण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को बिलासपुर प्रवास पर रहेंगे। वो शाम को राउत नाच महोत्सव में शामिल होंगे। इससे पहले 143 करोड़ 68 लाख रुपए की लागत से बने मल्टीलेवल पार्किंग, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, मिनी स्टेडियम सहित अन्य कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
इस दौरान अरपा रिवर व्यू में बिलासपुर विकास दीप महोत्सव का आयोजन भी होगा, जिसमें अरपा तट पर 10 हजार दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे। इसके लिए अरपा रिवर व्यू को आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया है, यहां लेजर लाइट शो भी होगा।
CM साय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, मिनी स्टेडियम सहित अन्य कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रवास को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है। सीएम साय इस दौरान कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे, जिसमें प्रमुख रूप से राउत नाच महोत्सव है। बिलासपुर में हर साल राउत नाच महोत्व वृहद रूप से मनाया जाता है। यह परंपरा पिछले 43 साल से चल रही है।
प्रतिभागी नर्तक दलों को पुरस्कार भी दिए जाएंगे
इस बार राउत नाच महोत्सव की शुरुआत 23 नवंबर से होगी। लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित इस समारोह में बिलासपुर सहित दूसरे जिलों के नर्तक दल शामिल होंगे और रात भर आयोजन चलेगा। इसमें कला का बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी नर्तक दलों को पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
अरपा रिवर व्यू में बिलासपुर विकास दीप महोत्सव का आयोजन भी होगा।
143 करोड़ 68 लाख रुपए के कार्यों का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री साय 143 करोड़ 68 लाख रुपए की लागत के अनेक विकासकार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसमें सकरी रोड, मिनोचा रोड, स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, मिनी स्टेडियम, सिटी कोतवाली के पास निर्मित मल्टीलेवल पार्किंग और अरपा नदी तट पर निर्मित राम सेतु मार्ग का लोकार्पण कार्यक्रम शामिल हैं।
मिनी स्टेडियम में इनडोर गैम्स की मिलेगी सुविधाएं
शहर के पुराने और प्रतिष्ठित गर्वनमेंट मल्टीपरपज़ स्कूल के मैदान को संवार कर बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा 21 करोड़ 79 लाख रुपए की लागत से मिनी स्टेडियम का निर्माण किया गया है, जिसमें 14115 वर्ग मीटर का सर्वसुविधायुक्त क्रिकेट मैदान है, जिसकी दर्शक क्षमता 850 है। यहां डे-नाईट मैच खेलने की सुविधा है।
यहां इनडोर गेम्स जैसे स्नूकर, बिलियर्ड्स, टेबल टेनिस, स्क्वैश खेलने की सुविधा के साथ-साथ आधुनिक जिम बनाया गया है। इसके अलावा ट्रेनिंग हॉल का निर्माण किया गया है। इसी भवन में अलग से वीआईपी गैलरी,एनाउंसमेंट बॉक्स और पेंट्री रूम के साथ ही यहां बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए एक हॉस्टल बनाया गया है। यहां दो लॉन टेनिस कोर्ट बनाया गया है।
अरपा रिवर व्यू में बिलासपुर विकास दीप महोत्सव का आयोजन भी होगा, जिसमें अरपा तट पर 10 हजार दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में संचालित होगा रेस्टारेंट
14 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से संजय तरण पुष्कर परिसर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया गया है, इस तीन मंजिला इस स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के बेसमेंट में पार्किंग, ग्राउंड फ्लोर में रिसेप्शन और रेस्टोरेंट संचालित होगा।
प्रथम तल पर बैडमिंटन, स्क्वैश कोर्ट, टेबल टेनिस, स्नूकर, बिलियर्ड्स, द्वितीय तल पर मल्टीपरपज हॉल, योगा, मैट गेम की सुविधा है। तृतीय तल पर मनोरंजन के अनेक साधन हैं। इसके साथ ही अरपा उत्थान एवं तट संवर्धन परियोजना के तहत अरपा नदी के दाहिनी ओर की सड़क का नाम राम सेतु मार्ग रखा गया है।
रामसेतु मार्ग की लागत 49 करोड़ 98 लाख रुपए है, जिसमें फूटपाथ, डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट, रिटेनिंग वॉल, पीचिंग और सौंदर्यीकरण कार्य शामिल है।
मल्टीलेवल पार्किंग शुरू होने से जाम की नहीं रहेगी समस्या
29 करोड़ 76 लाख की लागत से साढ़े तीन एकड़ में कोतवाली थाना परिसर में तीन मंजिला मल्टीलेवल कार पार्किंग बनाया गया है। ग्राउंड फ्लोर के अलावा सभी फ्लोर में पार्किंग की सुविधा दी गई है, जिसमें 192 कार और 325 बाइक एक साथ पार्क की जा सकेगी।
ग्राउंड फ्लोर को कमर्शियल कांप्लेक्स के तौर पर विकसित किया गया है जिसमें 46 दुकानों का निर्माण किया गया है। इससे यातायात की समस्या दूर होने की उम्मीद है।
उस्लापुर-सकरी सड़क का भी होगा लोकार्पण
उस्लापुर रेल्वे ओव्हरब्रिज से लेकर सकरी बाईपास चौक तक 15 करोड़ 87 लाख की लागत से नगर निगम द्वारा सवा चार किमी सड़क का उन्नयन और चौड़ीकरण किया गया है। सड़क चौड़ीकरण और उन्नयन होने से राहगीरों को काफी राहत मिली है और ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिली है।
उन्नयन और चौड़ीकरण के तहत मार्ग की चौड़ाई बढ़ाई गई है, डिवाइडर बनाया गया है, स्ट्रीट लाइट और दोनों तरफ नाली निर्माण भी किया गया है। इसके साथ ही 11 करोड़ 68 लाख की लागत से शहर के विभिन्न सड़कों का डामरीकरण, उन्नयन, साइनेज, मिनोचा कॉलोनी रोड और रोटरी शामिल है।
इसमें प्रमुख रूप से महावीर नगर चौक से उस्लापुर ओव्हर ब्रिज तक 800 मीटर सड़क, डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट और रोटरी शामिल है। शहर के विभिन्न सड़कों का डामरीकरण, साइनेज, रोड मार्किंग के कार्य शामिल हैं।
अरपा तट पर दिखेगा खास नजारा
शनिवार की शाम अरपा तट पर खास नजारा देखने को मिलेगा। शहर में पहली बार लेजर शो देखने को मिलेगा और 10 हजार दीयों से अरपा को जगमग करने की तैयारी है। इस अवसर पर अरपा के दोनों पुल को आकर्षक लाइट से सजाया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विकासकार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम के अंत में शाम 7 बजे नए रिवर व्यू रामसेतु मार्ग का लोकार्पण करेंगे, जहां 10 हजार दीये अरपा नदी में छोड़े जाएंगे। लेजर शो और आतिशबाजी से बिलासपुर विकास दीप महोत्सव मनाया जाएगा।
इस अवसर पर शाम 6 बजे से छत्तीसगढ़ी गायक अनुराग शर्मा द्वारा अनुराग शर्मा म्यूजिकल नाइट का भी आयोजन किया जाएगा।