मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का चरित्र समस्त मानव जाति के लिए शाश्वत प्रेरणास्रोत : संजय भूषण पाण्डेय

करियाटार के रामायण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए जिला पंचायत अध्यक्ष, संजय भूषण पांडे
रामचरितमानस के आदर्शों को जीवन में अपनाने का किया आह्वान
सारंगढ़-बिलाईगढ़ न्यूज/ बिलाईगढ़ विकासखंड के ग्राम करियाटार में आयोजित भव्य रामायण कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजा – अर्चना कर रामायण पाठ का श्रवण किया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के आदर्शों और राम चरितमानस की जीवनोपयोगी शिक्षाओं से अवगत कराया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं मानस प्रेमियों की उपस्थिति से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का चरित्र समस्त मानव जाति के लिए शाश्वत प्रेरणास्रोत है। रामचरितमानस केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाली आदर्श आचार संहिता है। इसमें जीवन के प्रत्येक पहलू, पारिवारिक संबंधों, सामाजिक समरसता, कर्तव्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों का सुंदर संदेश मिलता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब समाज तेजी से आधुनिकता और भौतिकवाद की ओर बढ़ रहा है, ऐसे में धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों की प्रासंगिकता और भी बढ़ जाती है। रामायण का श्रवण मनुष्य को आत्मिक शांति प्रदान करने के साथ ही जीवन में सदाचार, संयम और संस्कारों को अपनाने की प्रेरणा देता है।
श्री पाण्डेय ने कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने जीवन में मर्यादा, त्याग, वचनबद्धता और कर्तव्यपालन का जो आदर्श प्रस्तुत किया, वह युगों-युगों तक मानव समाज का मार्गदर्शन करता रहेगा। माता-पिता और गुरुजनों के प्रति सम्मान, परिवार के प्रति समर्पण तथा समाज के अंतिम व्यक्ति के प्रति करुणा और संवेदनशीलता भगवान श्रीराम के चरित्र की प्रमुख विशेषताएं हैं। उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर ही एक संस्कारित, समरस और आदर्श समाज का निर्माण किया जा सकता है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कारों से जोड़ें। रामायण की शिक्षाओं को केवल सुनने तक सीमित न रखते हुए उन्हें अपने व्यवहार और दैनिक जीवन में भी उतारें।
इस धार्मिक आयोजन की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति श्रीमती भगवंती कुंजराम पटेल ने की। कार्यक्रम में क्षेत्र के ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और मानस प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने रामायण पाठ का श्रवण कर धर्म लाभ प्राप्त किया। ग्रामीणों ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम में भक्ति, श्रद्धा और सनातन संस्कृति के प्रति आस्था का सुंदर वातावरण देखने को मिला।




