
करवा चौथ पर इस साल बाजार ने तेजी पकड़ी है। एक अनुमान के मुताबिक बिलासपुर में 80 करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। सोना-चांदी खरीदने सराफा दुकानों में जबरदस्त रुझान दिख रहा है। महिलाएं लहंगा, साड़ी, चूड़ी, काजल, पाउडर, सिंदूर से लेकर आभूषण और मोबाइल फोन खरीदने सबसे अधिक डिमांड कर रही है।
बिलासपुर। करवा चौथ का पर्व रविवार उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस खास अवसर पर महिलाएं पति की लंबी आयु और सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना करेंगी। बाजार में इस पर्व की रौनक देखते ही बन रही है। सजी-धजी महिलाएं पूजन की थालियों और करवों की खरीदारी में जुटी हैं।
आचार्य गोविंद दुबे ने बताया कि करवा चौथ का व्रत विशेष रूप से पति-पत्नी के रिश्ते को मजबूत बनाता है और जीवन में खुशहाली लाता है। करवा चौथ व्रत का धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व बहुत गहरा है। इस दिन शिव-पार्वती और करवा माता की पूजा करने से वैवाहिक जीवन में शांति और प्रेम बना रहता है। उन्होंने बताया कि व्रत करने से दांपत्य जीवन में स्थिरता और सामंजस्य आता है, जिससे पति-पत्नी के रिश्ते मजबूत होते हैं।
करवा चौथ का शुभ मुहूर्त और पूजन विधि
आचार्य गोविंद दुबे के अनुसार, इस साल करवा चौथ का व्रत 20 अक्टूबर 2024 को रखा जाएगा। महिलाएं भगवान शिव, माता पार्वती और करवा माता की पूजा करेंगी। व्रत का संकल्प सुबह सरगी से किया जाता है, जो सास द्वारा बहू को दी जाती है। इसके बाद महिलाएं चंद्रमा को अर्घ्य देकर अपना व्रत खोलती हैं।
चंद्र दर्शन का समय
बिलासपुर में आज रात चंद्रमा का उदय 9:10 बजे होगा, जिसके बाद महिलाएं चंद्र दर्शन कर अर्घ्य देकर अपना व्रत खोलेंगी। आचार्य गोविंद दुबे ने बताया कि चंद्रमा को अर्घ्य देने से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा आती है और व्रत का पूर्ण फल प्राप्त होता है।
बाजारों में डिजाइनर थालियों की धूम
बिलासपुर के तेलीपारा स्थित वृंदावन परिसर और शनीचरी बाजार में इस बार जयपुरी करवा, गंगा सागर करवा और मोती जड़ी थालियों की काफी मांग देखी जा रही है। महिलाएं खासकर डिजाइनर पूजन थालियों की खरीदारी में जुटी हैं। व्यापारी बताते हैं कि जयपुरी करवा 100 से 120 रुपये और गंगा सागर करवा 100 से 150 रुपये में बिक रहे हैं, जो इस साल महिलाओं की पहली पसंद बने हुए हैं।
मेहंदी आर्टिस्ट की भारी डिमांड
करवा चौथ की तैयारी के लिए हफ्तेभर पहले से ही मेहंदी आर्टिस्ट की डिमांड तेज हो गई थी। मेहंदी आर्टिस्ट अंजली राठौर ने बताया कि मेहंदी लगवाने के लिए हफ्तेभर पहले से ही लंबी वेटिंग चल रही है। शहर की विभिन्न मेहंदी दुकानों मे भी मेहंदी लगवाने के लिए सुहागन महिलाओं की भीड़ दिख रही है।
पार्लर मे उमड़ी भीड़
शहर के विभिन्न ब्यूटी पार्लर मे भी सुहागन महिलाओं की भीड़ देखने को मिल रही है। ब्यूटीशियन प्राप्ति राय ने बताया कि नवविवाहिताओं के बीच नो मेकअप लुक की भारी डिमांड है। वहीं हफ्तेभर पहले से ही सुहागन महिलाओं ने मेकअप आर्टिस्ट की बुकिंग कराने की शुरुआत कर दी थी।