
रायपुर । छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव को हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र और झारखंड में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए मेनिफेस्टो कोऑर्डिनेशन कमेटी का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इन राज्यों के चुनावों में कांग्रेस के घोषणा पत्र के समन्वय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सिंहदेव को सौंपी गई है।
सिंहदेव की इस नियुक्ति के पीछे उनका पिछला अनुभव और सफलता का ट्रैक रिकॉर्ड है। 2018 के छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के घोषणा पत्र के निर्माण में उनकी भूमिका ने महत्वपूर्ण योगदान दिया था, जिससे 15 साल तक सत्ता में रही भाजपा को केवल 15 सीटों पर सिमटना पड़ा। इस सफलता के बाद, कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए भी उन्हें राष्ट्रीय घोषणा पत्र समिति का संयोजक नियुक्त किया था।