बिलासपुर में फेंगल का असर हल्की बारिश की संभावना
सुबह से छाए बादल, रात का टेम्प्रेचर हुआ 17 डिग्री, पर्यटन स्थलों पर उमड़ी लोगों की भीड़
बिलासपुर में दिन भर छाई रही बदली।
बिलासपुर में रविवार को आसमान में दिनभर बादल छाए रहे। दिन में हल्की ठंड रही और वातावरण में नमी का अहसास हुआ। बदली की वजह से न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस से चढ़कर 17.6 डिग्री पर पहुंच गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग ने संभाग म
रविवार सुबह से आसमान में बदली छाई रही। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हुई। ठंडी हवाओं के चलते मौसम में नमी का अहसास हुआ और दिन में ठंड बढ़ गई। रविवार अवकाश के दौरान लोगों ने हल्की ठंड का जमकर लुत्फ उठाया।
वहीं, जिले के पर्यटन स्थल पर पर्यटकों की भीड़ भी नजर आई। प्रमुख रूप से रतनपुर, खूंटाघाट, कोटा, अमरकंटक, लोरमी, तालागांव, कानन पेंडारी, मदकूद्वीप और मल्हार में लोगों की भीड़ रही। इधर, शाम ढलते ही ठंड का असर कम होने लगा और दूसरे दिनों की अपेक्षा तापमान में बढ़ोतरी भी हुई।
फेंगल का असर, हल्की बारिश की संभावना
मौसम वेधशाला के मौसम वैज्ञानिक डा.एचपी चंद्रा ने बताया कि दक्षिण पश्चिम बंगाल के खाड़ी में बना चक्रवात फेंगल का लैंडफॉल हो चुका है। बंगाल की खाड़ी से वातावरण के निम्न स्तर पर प्रचुर मात्रा में नमी का आगमन लगातार जारी है।
इसके प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में निम्न स्तर और मध्य स्तर के बादल छाए हुए हैं। बिलासपुर समेत प्रदेश में दो दिसंबर को मध्य छत्तीसगढ़ में हल्की से हल्की वर्षा हो सकती है।
बादल छंटने के बाद बढ़ेगी ठंड
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल, अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। उत्तर छत्तीसगढ में तीन दिसंबर से बादल खुलने की संभावना है, जिसके बाद मौसम में उतार-चढ़ाव का असर देखने को मिलेगा।
मौसम साफ होने पर ठंड बढ़ सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार चार दिसंबर को मौसम साफ होने की संभावना है। इसी के साथ न्यूनतम तापमान में गिरावट और अधिकतम तापमान में वृद्धि प्रारंभ होगी। पांच दिसंबर से एक बार फिर ठंड अपना असर दिखाएगी।