छत्तीसगढ़

कोरबा को विकास की बड़ी सौगात: मुख्यमंत्री ने 223 करोड़ के कार्यों का किया लोकार्पण, कन्वेंशन सेंटर का नामकरण लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर


कोरबा | 13 जून 2025

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज कोरबा जिले के रिसदी क्षेत्र में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में 223 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर नवनिर्मित कन्वेंशन सेंटर का नामकरण लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर किया गया और उनके भव्य प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्यमंत्री ने कन्वेंशन सेंटर को वातानुकूलित करने की घोषणा भी की।

करोड़ों की विकास योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से कोरबा को 145 करोड़ रुपए के सड़कों से संबंधित कार्यों सहित कुल 223 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात मिली है, जिससे जिले में आवागमन सुगम होगा और लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कन्वेंशन सेंटर की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त है और यहां अनेक बड़े सांस्कृतिक व सामाजिक आयोजन संभव होंगे।

लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर को दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि माता अहिल्याबाई होल्कर न्यायप्रिय, धार्मिक एवं प्रजाप्रिय शासक थीं। उन्होंने देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों का पुनरुद्धार किया और महिला शिक्षा तथा सामाजिक कल्याण में भी अतुलनीय योगदान दिया। उन्होंने कोरबा में एल्युमिनियम पार्क की स्थापना की मांग पर जल्द आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

उप मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने की प्रशंसा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने इस दिन को कोरबा के लिए ऐतिहासिक बताया और कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर कन्वेंशन सेंटर का नामकरण जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने महिलाओं के उत्थान और तीर्थस्थल विकास में अहिल्याबाई के योगदान को रेखांकित किया।
वाणिज्य एवं श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने मुख्यमंत्री श्री साय की विकास योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी की गारंटी को जमीन पर उतारते हुए गरीबों के कल्याण में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने कोरबा में एल्युमिनियम पार्क की स्थापना के लिए भी मुख्यमंत्री से अनुरोध किया।

प्रशासनिक दृष्टिकोण से अहम आयोजन

कोरबा कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि 223 करोड़ के कार्यों से जिले के सभी वर्गों को लाभ मिलेगा। 150 करोड़ की लागत से बन रही सड़कों और पुलों से दूरस्थ क्षेत्रों का संपर्क बेहतर होगा। उन्होंने कन्वेंशन सेंटर के नामकरण को कोरबा जिले के लिए गर्व का क्षण बताया।

कार्यक्रम में उपस्थित रहे कई गणमान्य

इस अवसर पर कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल, गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष श्री अनुराग सिंहदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, सभापति श्रीमती नूतन सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री श्री ननकीराम कंवर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

विमान हादसे में मृतकों को श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री श्री साय ने गुजरात से लंदन जा रही एअर इंडिया फ्लाइट के हादसे में मृत यात्रियों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और सभी मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button