CHHATTISGARH

सरगुजा में कड़ाके की ठंड…बलरामपुर में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री: दुर्ग में पारा सामान्य से 6 डिग्री कम; अगले दो दिन राहत के आसार नहीं

छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्से यानी सरगुजा संभाग में लगातार आ रहीं शुष्क हवाओं से तापमान गिरता जा रहा है।

छत्तीसगढ़ का सरगुजा संभाग शीतलहर की चपेट में है। लगातार आ रही ड्राई एयर की वजह से यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मंगलवार को बलरामपुर सबसे ठंडा रहा यहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मैदानी इलाकों की बात करें तो दुर्ग संभाग में भी रात को ठंड रहता है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान स्थिर रहेगा। अगले 2 दिन न्यूनतम तापमान में बदलाव की संभावना नहीं है। उसके बाद करीब 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

बिलासपुर रात का पारा सामान्य से 3 डिग्री कम

बिलासपुर संभाग के जिलों में भी रात का पारा औसत से कम है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में रातें सबसे ज्यादा ठंडी है। यहां रात का पारा 9.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री कम था। वहीं कोरबा में 12.4, बिलासपुर में 13.4 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा जो औसत से 3.3 डिग्री कम था।

बस्तर संभाग में नारायणपुर सबसे ठंडा

बस्तर संभाग के जिलों में रात का तापमान 9 डिग्री से 14 डिग्री के बीच बना हुआ है। सबसे ठंडा नारायणपुर है। यहां रात का पारा 9.3 डिग्री रहा। वहीं बस्तर में न्यूनतम तापमान 12.8, बीजापुर में 13.3, दंतेवाड़ा में 11.9 और सुकमा में 14.8 डिग्री रहा।

सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड

सरगुजा संभाग के जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अंबिकापुर में रात का पारा 9.2 डिग्री रहा जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम है। वहीं कोरिया में 9.9 और जशपुर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रहा।

शहर से बाहर तापमान में दो डिग्री का अंतर

रायपुर में शहर और उससे बाहर रात के तापमान में करीब दो डिग्री का अंतर है। लालपुर में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, वहीं माना एयरपोर्ट पर पारा 12.2 डिग्री रहा। दोनों ही जगह तापमान सामान्य से नीचे है। इस वजह से शहर से बाहर अच्छी ठंड महसूस हो रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button