“सुशासन दिवस पर बरमकेला में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की 100वीं जयंती मनाई गई, अटल परिसर का हुआ भूमिपूजन”

बरमकेला, 25 दिसंबर 2024: पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की 100वीं जयंती के अवसर पर बरमकेला नगर पंचायत में सुशासन दिवस का आयोजन भव्य रूप से किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर से और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बिल्हा से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया। नगर पंचायत बरमकेला में अटल परिसर के निर्माण हेतु भूमिपूजन किया गया, जो लगभग 20 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत हुआ है।
अटल परिसर के भूमिपूजन से नगरवासियों और भाजपाइयों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री की विरासत को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा को संबोधित करते हुए युवा भाजपा नेता यशवंत नायक ने अटल बिहारी वाजपेयी जी की कविता उद्धृत करते हुए उनके योगदान और प्रेरणादायक व्यक्तित्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल दिखावा नहीं है, बल्कि देश को विकास के पथ पर आगे ले जाना है।
सभा में भाजपा सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं पर चर्चा की गई, साथ ही इन्हें आम जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के वर्चुअल संबोधन को जनता ने बड़े उत्साह के साथ देखा और सराहा। कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष हेमसागर नायक, उपाध्यक्ष रामकुमार नायक, पुनीत राम चौहान, विशेश्वर नायक, और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
मंच का संचालन बाबूलाल पटेल द्वारा किया गया। इस आयोजन से यह स्पष्ट हुआ कि अटल परिसर न केवल युवाओं बल्कि आम जनता के लिए भी एक महत्वपूर्ण स्थान साबित होगा, जो विकास और सुशासन के मूल्यों को आगे बढ़ाने में सहायक होगा।