धान के अवैध भंडारण पर प्रशासन की कार्रवाई, चंदन ट्रेडर्स के यहां 153 बोरी धान जब्त

बरमकेला विकासखंड के सरिया में राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 17 नवंबर 2026। राज्य शासन की मंशा के अनुरूप समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध भंडारण पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी एवं जांच की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन और एसडीएम श्री डी.एस. राजपूत के निर्देशानुसार बरमकेला विकासखंड के सरिया स्थित चंदन ट्रेडर्स का राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में उपलब्ध धान के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान किया गया। जांच में लगभग 153 बोरी धान का स्टॉक अधिक पाया गया। मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत संयुक्त टीम ने उक्त धान की जब्ती की कार्रवाई की। टीम ने संबंधित कारोबारी को धान के स्टॉक एवं अभिलेखों का नियमानुसार संधारण करने के निर्देश भी दिए।
जिला प्रशासन द्वारा धान के भंडारण और परिवहन पर सतत निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करें, ताकि धान खरीदी व्यवस्था पारदर्शी बनी रहे और किसानों के हित सुरक्षित रहें।




