स्वतंत्रता दिवस 2026: सारंगढ़ के खेलभांठा में दिखेगी राष्ट्रीय पर्व की भव्यता

कलेक्टर, एसपी और जिला पंचायत सीईओ ने लिया तैयारियों का अंतिम जायजा
सारंगढ़ न्यूज़/ आगामी 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) के जिला स्तरीय मुख्य समारोह को पूरे गरिमामय, देशभक्तिपूर्ण और भव्य माहौल में आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में सारंगढ़-बिलाईगढ़ के जिला कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुनील शर्मा तथा ऋषिकेश तिवारी जिला पंचायत सीईओ ने संयुक्त रूप से मुख्य समारोह स्थल का विस्तृत और गहन निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।
परेड रिहर्सल का
मुआयना और मार्च पास्ट की ली सलामी –
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस प्रमुखों ने खेलभांठा मैदान में आयोजित हो रहे परेड रिहर्सल का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। अधिकारियों ने अनुशासित मार्च पास्ट तथा विभिन्न टुकड़ियों के तालमेल का मुआयना करते हुए सलामी ली। परेड में शामिल जवानों और छात्र-छात्राओं के उत्कृष्ट अनुशासन, ऊर्जा और जज्बे की उच्च स्तर पर सराहना की गई।
अधिकारियों को समयबद्ध और पुख्ता व्यवस्था के निर्देश –
राष्ट्रीय पर्व के गरिमामय आयोजन हेतु कलेक्टर और एसपी ने मौके पर मौजूद संबंधित विभाग के प्रभारियों एवं अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था:- कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में परिंदा भी पर न मार सके, ऐसी चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश पुलिस विभाग को दिए गए।
मंच व बैठक व्यवस्था: अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और आम नागरिकों के बैठने के लिए सुव्यवस्थित और छायादार मंच सज्जा का निर्देश दिया गया।
सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रम:- राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक प्रस्तुतीकरण तथा विभागों की झांकियों की समय-सीमा एवं गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
गरिमा और भव्यता के साथ तैयार – सारंगढ़-बिलाईगढ़
निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने विश्वास जताया कि सारंगढ़ – बिलाईगढ़ जिला स्वतंत्रता दिवस 2026 के इस ऐतिहासिक अवसर को राष्ट्रीय अस्मिता, भव्यता और देशभक्ति के अटूट उत्साह के साथ मनाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। सभी तैयारियाँ अपने अंतिम चरण में हैं।




