सारंगढ़ बिलाईगढ़

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय योग एवं ध्यान सत्र आयोजित

कलेक्टर, एसपी और जिला पंचायत सीईओ सहित हजारों स्कूली बच्चों, प्रशिक्षु पुलिस जवानों और अधिकारियों ने किया सामूहिक योग*

*11वें आयुर्वेद दिवस पर आयुष विभाग ने किया काढ़ा वितरण, साइबर अपराध से बचाव के प्रति भी किया गया जागरूक*

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 23 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को प्रातः 7 बजे सारंगढ़ के खेलभाठा मैदान में जिला स्तरीय योग एवं ध्यान सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान धन्वंतरि के चित्र पर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा एवं जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी द्वारा पुष्प अर्पित कर की गई।

योग एवं ध्यान सत्र में जिला स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली बच्चों और पुलिस विभाग के प्रशिक्षु जवानों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

योग सत्र के दौरान ग्रीवा संचालन, स्कंध संचालन, घुटना संचालन, कटि चालन, ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, त्रिकोणासन, अर्धचक्रासन, कपालभाति और प्राणायाम सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया।

इस अवसर पर आयुष विभाग द्वारा 11वां आयुर्वेद दिवस भी मनाया गया। जिला आयुष अधिकारी डॉ. शेष बहादुर यादव के मार्गदर्शन में आयुष विभाग की टीम द्वारा उपस्थित लोगों को काढ़े का वितरण किया गया और स्वस्थ जीवन में योग एवं आयुर्वेद के महत्व की जानकारी दी गई।

*योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं : कलेक्टर*

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में डिजिटल लिटरेसी सहित जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम एवं सत्र आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों एवं जिले के नागरिकों से इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की।

कलेक्टर ने कहा कि योग स्वस्थ रहने का सरल और प्रभावी माध्यम है। नियमित योग से शारीरिक फिटनेस के साथ दिनभर ऊर्जा बनाए रखने में मदद मिलती है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से योग को अपनी नियमित दिनचर्या में शामिल करने का आग्रह किया।

*एक दिन तक सीमित न रखें योग : सीईओ जिला पंचायत*

जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने कहा कि योग एवं ध्यान सत्र 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य तभी सफल होगा, जब लोग योग को केवल एक दिन के कार्यक्रम तक सीमित न रखकर अपनी दिनचर्या में शामिल करेंगे।

उन्होंने कार्यक्रम में सहभागिता के लिए कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्कूली बच्चों एवं प्रशिक्षु पुलिस जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा आयोजन के लिए आयुष विभाग, समाज कल्याण विभाग और योग प्रशिक्षकों की टीम को बधाई दी।

*साइबर अपराध से बचाव के प्रति किया जागरूक*

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में भी नागरिकों और विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने लोगों से ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहने, किसी भी संदिग्ध लिंक या संदेश पर भरोसा नहीं करने और अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की।

कार्यक्रम में एसडीएम उमेश साहू, डिप्टी कलेक्टर राणा विजय, कृषि विभाग से आशुतोष श्रीवास्तव, महिला एवं बाल विकास विभाग से उत्तम सूर्यवंशी, समाज कल्याण विभाग से विनय तिवारी, आदिम जाति कल्याण विभाग से बद्री प्रसाद, तहसीलदार सिन्हा, जनप्रतिनिधि मनोज जायसवाल, सामाजिक कार्यकर्ता महेंद्र अग्रवाल, रेडक्रॉस सदस्य नत्थू केडिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी एवं पुलिस विभाग के प्रशिक्षु जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button