सारंगढ़ बिलाईगढ़

छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति से सजेगा राज्योत्सव का मंच

2 नवंबर को खेलभांठा मैदान में शाम 4 बजे से होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

सांसद राधेश्याम राठिया होंगे जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह के मुख्य अतिथि

कलेक्टर ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तैयारियों का लिया जायजा; प्रकाश, साउंड सिस्टम, यातायात और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 1 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले का जिला स्तरीय समारोह 2 नवंबर को सारंगढ़ के खेलभांठा मैदान में आयोजित होगा। शाम 4 बजे से शुरू होने वाले समारोह में रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री राधेश्याम राठिया मुख्य अतिथि होंगे। छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा और वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, सारंगढ़ विधायक श्रीमती उत्तरी गणपत जांगड़े, बिलाईगढ़ विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय और नगर पालिका सारंगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती सोनी अजय बंजारे सहित जिला एवं जनपद पंचायतों के अध्यक्ष आमंत्रित हैं। कलेक्टर ने जिलेवासियों से समारोह में शामिल होकर राज्योत्सव की सांस्कृतिक संध्या का आनंद लेने की अपील की है।

सारंगढ़ जिले के खेल भाठा मैदान में आयोजित राज्योत्सव का मंच छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और लोक परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगा। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने राज्योत्सव स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी, अपर कलेक्टर एवं प्रभारी एसडीएम श्री दशरथ राजपूत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डिप्टी कलेक्टर शंकर लाल सिन्हा, वर्षा बंसल, सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने निरीक्षण करते हुए आयोजन स्थल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बेहतर साउंड सिस्टम और दर्शकों की सुविधा के अनुरूप सुगम यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था और अन्य तैयारियां समय रहते पूरी करने तथा कार्यक्रम में शामिल होने वाले नागरिकों के आवागमन को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत शाम 4 से 4:30 बजे तक छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों की प्रस्तुति, 4:30 से 4:35 बजे तक कन्या छात्रावास सारंगढ़ का सुवा नृत्य, 4:35 से 4:45 बजे तक कु. अनुपा केशरवानी का कथक, 4:45 से 4:55 बजे तक शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारंगढ़ का संभलपुरी नृत्य, 4:55 से 5:05 बजे तक मिशिका गुप्ता का ओडिशी और 5:05 से 5:15 बजे तक अपेका केशरवानी का कथक होगा।

मुख्य अतिथि के आगमन के बाद शाम 6 से 6:10 बजे तक एल.पी. वैष्णव संगत के बजरंग चौहान की सितार-तबला जुगलबंदी, 6:10 से 6:20 बजे तक मां वैष्णवी संगीत महाविद्यालय का समूह कथक, 6:20 से 6:30 बजे तक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरदी का आदिवासी नृत्य, 6:30 से 6:40 बजे तक बिलाईगढ़ के बेलटुकरी का जसगीत हाई स्पीड, 6:40 से 6:50 बजे तक प्रांजल दिव्यांग स्कूल का नृत्य और 6:50 से 7 बजे तक सुभी दुबे का ओडिशी नृत्य होगा। इसके बाद 7 से 7:10 बजे तक आदिवासी विकास विभाग का पंथी नृत्य, 7:10 से 7:20 बजे तक छिंद के आदर्श ज्योति विद्या मंदिर का राउत नाचा, 7:20 से 7:30 बजे तक कु. अलिशु सिदार का कथक, 7:30 से 7:40 बजे तक अनुराधा अग्रवाल का भरतनाट्यम, 7:40 से 7:50 बजे तक सी.पी.एम. स्कूल का ड्रामा, 7:50 से 8 बजे तक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरमकेला का कर्मा नृत्य और 8 से 8:10 बजे तक आयुषी केशरवानी का ओडिशी नृत्य प्रस्तुत होगा। रात 8:10 से 9:30 बजे तक छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों की प्रस्तुति के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का समापन होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button