
पुलिस की कार्रवाई में 2.20 लाख की ठगी करने वाला आरोपी चढ़ा हत्थे
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले फरार आरोपी को मध्यप्रदेश के धार जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार था और पुलिस को उसकी तलाश थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई कार्रवाई
जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडेय और उप पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में सरिया पुलिस ने इस ठगी के आरोपी को गिरफ्तार किया।
नौकरी के नाम पर 2.20 लाख की ठगी
ठगी का शिकार हुई निवेदिता साहू (पति डॉ. देवराज बरिहा), निवासी सरिया, ने 6 जनवरी 2025 को थाना सरिया में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके बेटे अनुप कुमार बेहरा को महिंद्रा कंपनी के हेडक्वार्टर में मैनेजर पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर आरोपी लोकेन्द्र सिंह जाट ने 4 फरवरी 2021 से 1 अप्रैल 2022 के बीच 18 किस्तों में कुल 2.20 लाख रुपये ऐंठ लिए। यह रकम नकद, बैंक खाते और फोन-पे के माध्यम से ली गई।
गिरफ्तारी कैसे हुई?
शिकायत दर्ज होने के बाद थाना सरिया में आरोपी के खिलाफ धारा 420 भादवि के तहत अपराध क्रमांक 04/2025 दर्ज किया गया। आरोपी घटना के बाद से फरार था, लेकिन पुलिस की सतत निगरानी और साइबर टीम की मदद से उसे मध्यप्रदेश के धार जिले के बदनावर थाना क्षेत्र से 6 मार्च 2025 को गिरफ्तार किया गया। ट्रांजिट रिमांड पर सरिया लाकर 8 मार्च 2025 को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सउनि टीकाराम खटकर, प्रआर सत्यम मंडलोई, प्रआर भुवनेश्वर पंडा, आरक्षक राजेश नारंग और साइबर टीम की अहम भूमिका रही।