सारंगढ़ बिलाईगढ़

जिला स्वास्थ्य केंद्र सारंगढ़ का जिपं अध्यक्ष संजय पांडेय ने किया औचक निरीक्षण

कलेक्टर को पत्र लिखकर पंजीयन व्यवस्था में सुधार की मांग

सारंगढ़ न्यूज़/ जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने सोमवार प्रातः 10:00 बजे जिला स्वास्थ्य केंद्र सारंगढ़ का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण की शुरुआत में उन्होंने सबसे पहले मरीजों के पंजीयन काउंटर की स्थिति देखी, जहाँ मरीजों की लंबी कतारें पाई गईं। कई मरीजों को पंजीयन कराने के लिए लंबे समय तक कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा था, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।

जिप अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर स्वास्थ्य केंद्र से मिल रही सुविधाओं का फीडबैक लिया। बातचीत के दौरान कई मरीजों ने चिकित्सा सेवाओं पर संतोष जताया, तो वहीं कुछ लोगों ने पंजीयन प्रक्रिया में लगने वाले समय और अन्य व्यवस्थागत खामियों की ओर उनका ध्यान आकृष्ट कराया। इस दौरान उन्होंने मरीजों के सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए महत्वपूर्ण माना।
जिला स्वास्थ्य केंद्र में सामने आई इन अव्यवस्थाओं के त्वरित निराकरण के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष ने कलेक्टर महोदया को पत्र के माध्यम से अवगत कराया है। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि स्वास्थ्य केंद्र आम जनता के लिए अत्यंत संवेदन शील और महत्वपूर्ण संस्थान है, जहाँ समय पर पंजीयन, सुलभ उपचार और बेहतर चिकित्सा सुविधाएँ मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने कलेक्टर से पंजीयन काउंटर पर अतिरिक्त काउंटर चालू करने, लंबी कतारों को कम करने और पाई गई कमियों का परीक्षण कर जल्द से जल्द सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है।
अपने पत्र के माध्यम से जिला पंचायत अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इन बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार लाएगा। उन्होंने मरीजों के हित में विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों का आभार जताते हुए अपेक्षा की है कि निरीक्षण में सामने आई कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button