सारंगढ़ बिलाईगढ़

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध यातायात पुलिस की लगातार कार्रवाई

▶️ जिले में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले 85 प्रकरणों में कुल ₹43,000 की चालानी कार्रवाई।

▶️ जिले में दो दिनों तक चलाया गया विशेष यातायात जागरूकता अभियान।

▶️ वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने या संदेश देखने से बचें:जितेंद्र कुमार चंद्रा।

जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आम नागरिकों के बीच यातायात नियमों के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से व पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल के निर्देशन व मार्गदर्शन में जिला यातायात पुलिस द्वारा सघन वाहन चेकिंग एवं चालानी कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में जिले में विगत दो दिनों के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 85 प्रकरणों में ₹43,000 की चालानी कार्रवाई की गई है।

🔵 दो दिनों की चालानी कार्रवाई का विवरण

यातायात पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई के अंतर्गत अलग-अलग तिथियों में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया गया है।

जिसमें दिनांक 19.11.2026 को नियमों के उल्लंघन पर वाहन चालकों के विरुद्ध कुल 55 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनसे ₹29,200 की चालानी राशि वसूल की गई। वहीं, दिनांक 18.11.2026 को कुल 30 प्रकरणों में ₹13,800 का जुर्माना वसूल किया गया। इसमें प्रमुख रूप से तीन सवारी के 13 चालान, नो पार्किंग के 09 चालान, बिना हेलमेट के 07 चालान तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग शामिल रहे। इस प्रकार विगत दो दिनों में कुल 85 चालान प्रकरणों के माध्यम से कुल ₹43,000 की चालानी कार्रवाई की गई है।

यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के पीछे कई महत्वपूर्ण उद्देश्यों पर जोर दिया गया है। इनमें तेज रफ्तार, गलत पार्किंग और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकना इस अभियान की प्राथमिकताओं में शामिल है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना मुख्य उद्देश्य रहा। इसी तरह मुख्य मार्गों और बाजार क्षेत्रों में नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के कारण लगने वाले जाम को कम करना भी शामिल रहा।

🔵 सुरक्षित सफर के लिए सारंगढ़ बिलाईगढ़ यातायात पुलिस की विशेष अपील

यातायात पुलिस के अधिकारियों ने जिले के समस्त वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क पर निकलते समय नियमों का पूरी गंभीरता से पालन करें। साथ ही, दोपहिया वाहन चलाते समय चालक एवं पीछे बैठने वाले व्यक्ति हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। इसी तरह वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने या संदेश देखने से बचें, क्योंकि इससे ध्यान भटकने पर गंभीर दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। सड़कों पर निर्धारित गति सीमा के भीतर ही वाहन चलाएं तथा वाहनों को हमेशा निर्धारित स्थान पर ही खड़ा करें, नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा न करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button