यातायात पुलिस और आरटीओ की संयुक्त कार्रवाई: 25 वाहनों पर ₹42,500 का जुर्माना।

🔶 वैध ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, प्रदूषण और आरसी बुक जैसे जरूरी दस्तावेज हमेशा अपने साथ रखने की अपील।
🔶 यातायात नियमों के उल्लंघन करने पर की जाएगी बड़ी कार्रवाई।
सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर शिकंजा कसते हुए, आज दिनांक 02 सितंबर 2026 को वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया।
यह अभियान यातायात पुलिस सारंगढ़-बिलाईगढ़, कोतवाली पुलिस और आरटीओ की संयुक्त टीम द्वारा सारंगढ़ बस स्टैंड परिसर में चलाया गया, जिसमें सख्त कार्रवाई की गई।
इस संयुक्त अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना, आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, बसों की परमिट, फिटनेस और बिना वैध दस्तावेजों रखने के संबद्ध में वाहनों और उनके चालकों पर प्रभावी कार्रवाई करना था।
जांच अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 25 वाहन चालकों के खिलाफ विभिन्न मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। इन मामलों में कुल ₹42,500 का जुर्माना लगाया गया। जिसमें धारा 128/194(C) के 07 प्रकरणों में ₹3,500, परमिट नियमों का उल्लंघन करने वाले 02 प्रकरणों में ₹10,000, धारा 182(2) के तहत ₹2,000 एवं धारा 112/183(1) के तहत निर्धारित गति सीमा (ओवरस्पीडिंग) का उल्लंघन करने पर 01 प्रकरण में ₹1,000 का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा, बिना ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य संबंधित मामलों के अंतर्गत कुल 13 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनसे कुल ₹26,000 का अर्थदंड वसूल किया गया।
यातायात पुलिस की अपील: नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें
अंत में संयुक्त टीम ने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें और निम्नलिखित बातों का विशेष ध्यान रखें: दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, हमेशा अपना वैध ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, प्रदूषण और आरसी बुक जैसे जरूरी दस्तावेज अपने साथ रखें, तथा निर्धारित गति सीमा से अधिक तेज वाहन न चलाएं और नशे की हालत में गाड़ी चलाने से बचें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि जिले में दुर्घटनामुक्त और सुगम यातायात व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा सके।




