व्यापारियों के आंदोलन और चंद्रदेव राय की भूख हड़ताल रंग लाई, नप बिलाईगढ़ सीएमओ का तबादला

एसडीएम ने चंद्रदेव राय को शरबत पिलाकर समाप्त कराया भूख हड़ताल
जनता के संघर्ष की जीत – चंद्रदेव राय
व्यापारियों और नगर वीडियो में हर्ष का माहौल जताया सभी का आभार
सारंगढ़-बिलाईगढ़ न्यूज़/ बिलाईगढ़ व्यापारी संघ के लगातार तीन दिनों से जारी अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन और पूर्व संसदीय सचिव चंद्रदेव राय द्वारा शुरू की गई भूख हड़ताल के आगे आखिरकार शासन को झुकना ही पड़ा। जनभावनाओं और आंदोलन की तीव्रता को देखते हुए 24 घंटे के भीतर ही राज्य शासन ने बिलाईगढ़ नगर पंचायत के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) सुशील चौधरी का स्थानांतरण मरवाही कर दिया है। शासन ने उनकी जगह यशवंत देवांगन को बिलाईगढ़ नगर पंचायत का नया CMO नियुक्त किया है।

इसे बिलाईगढ़ के व्यापारियों, नगरवासियों और जन-संघर्ष की एक बड़ी और ऐतिहासिक जीत के रूप में देखा जा रहा है।
प्रशासन ने दिया लिखित आश्वासन, समाप्त हुई भूख हड़ताल –
स्थानांतरण का आधिकारिक आदेश जारी होने के बाद बिलाईगढ़ एसडीएम प्रफुल्ल रजक और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने पूर्व संसदीय सचिव चंद्रदेव राय एवं व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा की। चर्चा के दौरान श्री राय ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि “यह बिलाईगढ़ की आम जनता से जुड़ा सार्वजनिक मुद्दा है, कोई व्यक्तिगत विषय नहीं। इसलिए प्रशासन लिखित में आश्वासन दे।” प्रशासन द्वारा मांगों को स्वीकार करते हुए लिखित आश्वासन सौंपे जाने के बाद पूर्व संसदीय सचिव ने अनशन समाप्त किया और तीन दिवसीय आंदोलन का सुखद अंत हुआ।
कलेक्टर की पहल और जनसमर्थन का दिखा असर –
उल्लेखनीय है कि जनआक्रोश को देखते हुए जिला कलेक्टर ने पहले ही राज्य शासन को CMO के तबादले के संबंध में पत्र प्रेषित किया था। आंदोलन के दौरान पूर्व संसदीय सचिव चंद्रदेव राय पूरे दिन भूख हड़ताल पर डटे रहे, जहाँ डॉक्टरों की टीम ने उनके स्वास्थ्य का परीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों, मीडिया कर्मियों और क्षेत्रीय प्रबुद्धजनों ने धरना स्थल पहुँचकर आंदोलन को अपना पूरा समर्थन दिया।
व्यापारी संघ ने जताया आभार –
आंदोलन की अभूतपूर्व सफलता के बाद बिलाईगढ़ व्यापारी संघ ने इस लड़ाई की अगवाई करने वाले पूर्व संसदीय सचिव चंद्रदेव राय, जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन, कांग्रेस पदाधिकारियों, बिलाईगढ़ की जागरूक जनता, मीडिया जगत और जिला प्रशासन का सहृदय आभार व्यक्त किया है।




