श्रमजीवी पत्रकार संघ बरमकेला की बैठक सम्पन्न, संगठन विस्तार के साथ नए दायित्व तय

बरमकेला। श्रमजीवी पत्रकार संघ बरमकेला की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को प्रिया फूड हब में जिला श्रमजीवी पत्रकार संघ सारंगढ़-बिलाईगढ़ के जिला उपाध्यक्ष एवं बरमकेला संघ प्रभारी प्रदीप पटेल की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से नए पदाधिकारियों और सक्रिय सदस्यों के नामों पर विस्तृत चर्चा कर विभिन्न पदों की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक की शुरुआत संगठन के एजेंडा पर चर्चा के साथ हुई। इस दौरान संगठन की मजबूती, पत्रकारों के हितों की सुरक्षा, सदस्य विस्तार तथा आगामी गतिविधियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष अश्वनी साहू ने कहा कि संघ में कई नए सदस्य जुड़े हैं। ऐसे में सभी सदस्यों को संगठन के नियम, उद्देश्य एवं दायित्वों की जानकारी होना आवश्यक है, ताकि प्रत्येक सदस्य संगठन की गरिमा बनाए रखते हुए पत्रकार हित में सक्रिय भूमिका निभा सके।
बैठक में आपसी सहमति से नए पदाधिकारियों के नामों को अंतिम रूप देते हुए संगठन की औपचारिक गठन प्रक्रिया पूर्ण की गई। इस दौरान उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव, कोषाध्यक्ष सहित अन्य महत्वपूर्ण पदों के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक का एक विशेष आकर्षण संघ के सक्रिय सदस्य अजय साहू का जन्मदिन समारोह रहा। उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा केक काटकर उनका जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया। सभी ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए इस अवसर को यादगार बना दिया।
बैठक में उपस्थित सदस्य
बैठक में जिला उपाध्यक्ष प्रदीप पटेल, विजय सराफ, अश्वनी साहू, गजानंद निषाद, अजय साहू, शोभा दास मानिकपुरी, सुवर्ण भोई, रुपानंद साव सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।




