सहकारिता सप्ताह : सहकारी समितियों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया सहकारिता ध्वजारोहण कार्यक्रम

उप नियमों का वाचन कर किसानों को दी गई जानकारी
सारंगढ़-बिलाईगढ़ न्यूज/राष्ट्रीय सहकारिता सप्ताह के अवसर पर सारंगढ़ – बिलाईगढ़ जिले की विभिन्न प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण माहौल में सहकारिता ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हुआ। सहसपुर समिति में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय भुवन मिश्रा जगन्नाथ केशरवानी अरुण गुड्डू यादव मनोज मिश्रा पवन देवांगन अनिल गोपाल प्रबंधक सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। इस दौरान विभिन्न सोसायटियों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों और बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसानों की सक्रिय उपस्थिति रही।
समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों व वक्ताओं ने किसानों को संबोधित करते हुए सहकारिता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सहकारिता आंदोलन किस प्रकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। वक्ताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि सोसायटियों के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से सुदृढ़ और सशक्त बनाना ही शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ध्वजारोहण कार्यक्रम के पश्चात सभी समितियों में एक विशेष सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में उपस्थित किसानों और समिति के सदस्यों के समक्ष संस्था के उप-नियमों का विस्तार से वाचन कर जानकारी दिया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों को समिति के नियमों, उनके अधिकारों और सहकारी प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करना था, ताकि पारदर्शिता के साथ सहकारिता के उद्देश्यों को जमीनी स्तर पर अमलीजामा पहनाया जा सके।
इस गरिमापूर्ण अवसर पर सहकारी समितियों के प्रबंधक, संचालक मंडल के सदस्य, स्थानीय ग्रामीण जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के प्रगतिशील किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




