सारंगढ़ बिलाईगढ़

सेवा संकल्प अभियान – लाखों ‘आशीर्वाद के दीयों’ से जगमगाएगा सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला

17 सितंबर को शाम 7 बजे खाड़ाबांध तालाब में होगा मुख्य जिला स्तरीय आयोजन, 51 हजार से अधिक दीपों का होगा प्रज्वलन

कलेक्टर ने पत्रकारवार्ता में दी सेवा संकल्प अभियान की विस्तृत जानकारी

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 16 सितंबर 2026/ कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने आज पत्रकारवार्ता आयोजित कर राज्य शासन द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान की जिले में होने वाली गतिविधियों एवं तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिले में सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जाएगा। पत्रकारवार्ता में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी, जनसंपर्क अधिकारी श्री डड़सेना, सहित प्रिंट, इलेक्ट्रानिक, वेबपोर्टल एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के प्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित थे।
कलेक्टर ने बताया कि एक माह तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से सेवा, सुशासन, जनभागीदारी, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के प्रथम दिवस 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत जिलेभर में 5 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

खाड़ाबांध तालाब में 51 हजार से अधिक दीपों से रोशन होगा मुख्य आयोजन

‘आशीर्वाद का दीया’ का मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम 17 सितंबर को शाम 7 बजे सारंगढ़ के खाड़ाबांध तालाब में आयोजित होगा। यहां 51 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। साथ ही तालाब में 10 हजार से अधिक आटे के दीपों का प्रवाह किया जाएगा। कलेक्टर ने बताया कि मुख्य आयोजन को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ते हुए जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, महिला स्व-सहायता समूहों, युवाओं एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। खाड़ाबांध तालाब में दीपों की रोशनी के माध्यम से सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और विकसित भारत के सामूहिक संकल्प का संदेश दिया जाएगा।

गांव से शहर और शासकीय कार्यालयों तक होगा दीप प्रज्वलन

जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप देते हुए विकासखंड, नगरीय क्षेत्र, ग्राम पंचायत, शासकीय कार्यालय, अमृत सरोवर, मंदिर एवं अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। जिले के 49 अमृत सरोवर, 36 मंदिरों एवं अन्य चिन्हांकित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलन होगा। चयनित 25 ग्रामों में शत-प्रतिशत दीप प्रज्वलन सुनिश्चित किया जाएगा। ग्राम पंचायत भवन, उप स्वास्थ्य केंद्र, महतारी सदन सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को दीपों से सजाया जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना के जिले में स्वीकृत 88 हजार हितग्राहियों द्वारा भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। एनआरएलएम से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की दीदियां तथा अन्य शासकीय योजनाओं के हितग्राही भी इस आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।

विकासखंडों में भी होंगे विशेष आयोजन

सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम टिमरलगा में मां नाथलदाई मंदिर के समीप 2100 दीपों का प्रज्वलन किया जाएगा। बरमकेला विकासखंड के ग्राम भिखमपुरा सपेरा बस्ती (महादेव नगर) में शिव मंदिर के भूमि पूजन कार्यक्रम के अवसर पर प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। केडार क्षेत्र में जल संसाधन विभाग द्वारा 2100 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। बिलाईगढ़ विकासखंड के ग्राम रायकोना में अमृत सरोवर के समीप विशेष दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित होगा।
जिले के नगरीय क्षेत्रों में अटल परिसर, भारत माता चौक, जयस्तंभ चौक, सामुदायिक भवनों सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। कलेक्टर परिसर, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला पंचायत कार्यालय, अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय सहित प्रमुख शासकीय कार्यालयों में संबंधित कार्यालय प्रमुखों द्वारा दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

सेवा संकल्प अभियान में 12 प्रमुख पहलों के माध्यम से बढ़ेगी जनभागीदारी

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान में 12 प्रमुख पहलों के माध्यम से सेवा और जनभागीदारी की भावना को विस्तार दिया जाएगा। ‘सेवा-मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों एवं संस्थाओं को सेवा कार्यों में सहभागी बनाया जाएगा। सेवा से जुड़ी प्रेरक कहानियों को सामने लाने, विद्यार्थियों एवं युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने, आंगनबाड़ी केंद्रों में सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने, सेवा संकल्प यात्रा, सेवा सेतु, सेवा ज्योति कलश यात्रा, नवाचार संबंधी गतिविधियों तथा जल संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक

आंगनबाड़ी केंद्रों में सामुदायिक सहभागिता, मातृ एवं बाल स्वास्थ्य तथा पोषण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित होंगी। ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के माध्यम से नागरिकों को अभियान से जोड़ा जाएगा। ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के माध्यम से युवाओं और प्रतिभागियों को नवाचार एवं समाधान आधारित सोच के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। ‘जल जन सेवा संकल्प’ के तहत जल संरक्षण एवं जल संसाधनों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए गतिविधियां होंगी।

*रक्तदान शिविर से शुरू होगी सेवा की भावना*

17 सितंबर को ‘सेवा-मेरा योगदान’ के तहत प्रातः 10 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सारंगढ़, बरमकेला एवं बिलाईगढ़ में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। शिविर में चिकित्सकीय दल, रक्त संग्रहण सामग्री एवं आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था के साथ रक्तदाताओं के पंजीयन, स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्त संग्रहण की समुचित व्यवस्था की जाएगी। जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, युवाओं एवं आम नागरिकों से रक्तदान में सहभागिता की अपील की गई है।

*सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प के साथ होगा समापन*

सेवा संकल्प अभियान के दौरान शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर रहेगा। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को सहभागी बनाया जाएगा। 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ अभियान का समापन होगा, जिसमें सेवा, सुशासन, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के विषय पर संवाद किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button