स्मार्ट मीटर और बढ़ी बिजली दरों के खिलाफ सारंगढ़ में कांग्रेस का जन आंदोलन

कुटेला वार्ड 1 से बजा विरोध का शंखनाद
सारंगढ़ न्यूज़/ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के दिशा – निर्देशानुसार और जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन की अगुवाई में सारंगढ़ के वार्ड क्रमांक 1, कुटेला में महंगी बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर के खिलाफ शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा विशाल जन आंदोलन का आगाज किया गया। इस विरोध प्रदर्शन में क्षेत्रीय विधायक श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े, प्रदेश कांग्रेसप्रतिनिधि सूरज तिवारी, संजय दुबे पूर्व ब्लाक अध्यक्ष, गोल्डी नायक जिला संगठन महामंत्री तथा स्थानीय वार्ड पार्षद कमल निराला नगर कांग्रेस अध्यक्ष रामनाथ सिदार विशेष रूप से मौजूद रहे।
आंदोलन के दौरान विधायक एवं जिला संगठन महामंत्री द्वारा सभी वार्ड पार्षदों व कांग्रेस पदाधिकारियों को ‘स्मार्ट मीटर विरोध फार्म’ वितरित किए गए, ताकि हर बूथ और हर वार्ड के मतदाताओं से फार्म भरवाकर इस व्यवस्था के खिलाफ व्यापक जनमत तैयार किया जा सके।
“महतारी वंदन की आड़ में मिल रही सजा, रसोई का बजट बिगड़ा” – वार्ड वासियों का फूटा गुस्सा
प्रदर्शन के दौरान कुटेला वार्ड के निवासियों ने अपनी आपबीती सुनाते हुए भाजपा सरकार की नीतियों पर जमकर आक्रोश जताया। वार्डवासियों का कहना था कि पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में जहाँ बिजली बिल 100, 200 या 300 रुपये तक आता था, वहीं अब सामान्य मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों—जहाँ कूलर या एसी तक नहीं हैं—वहाँ 700, 900 से लेकर 1800 रुपये तक के भारी-भरकम बिल थमाए जा रहे हैं।
वार्ड के ही निवासी यादव ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि उनके तीन कमरों के मकान में कोई एसी नहीं है, फिर भी इस बार 2200 रुपये और इससे पहले 4000 रुपये का बिजली बिल आया। एक ओर सरकार ने बिजली की दरें बढ़ा दी हैं, तो दूसरी ओर स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिलों में 3 से 4 गुना तक की अप्रत्याशित बढ़ोतरी हो गई है। स्थानीय महिलाओं ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना के नाम पर मिलने वाली राशि के बदले बिजली बिल बढ़ाकर उन्हें सजा दी जा रही है, जिससे घर का पूरा किचन बजट बिगड़ गया है। जनता ने विधायक से गुहार लगाते हुए स्मार्ट मीटर हटाने और इस व्यवस्था को तत्काल बंद कराने की मांग की।
अघोषित बिजली कटौती से भी त्रस्त जनता –
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि चार गुना अधिक बिल वसूलने के बावजूद आए दिन लंबे समय तक अघोषित बिजली कटौती की जा रही है, जिससे भीषण गर्मी और उमस में लोगों का जीना दूभर हो गया है। जनता ने भाजपा सरकार से राहत की गुहार लगाई है।
आंदोलन में वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति –
इस जन आंदोलन में प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि सूरज तिवारी, संजय दुबे पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष, गोल्डी नायक (जिला संगठन महामंत्री), प्रदेश सचिव सरिता मल्होत्रा, सरिता गोपाल (पार्षद व जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष), ब्लॉक अध्यक्ष राकेश पटेल, शहर अध्यक्ष रामनाथ सिदार, अश्वनी चंद्रा (शहर मंडल अध्यक्ष), पार्षद कमलकांत निराला, कमलकांत यादव (जिला सचिव), शाहजहां खान (जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक विभाग), नागेश्वर महंत (जिलाध्यक्ष पंचायती राज संगठन), विजय विक्की पटेल (जनपद सभापति), किशोर निराला (पार्षद प्रतिनिधि), रमेश खूंटे (मंडल अध्यक्ष), जितेंद्र पूराइन (मंडल अध्यक्ष), शंकर चौहान, जगदीश अजगल्ले, शाहजहां बेग, रामसिंह ठाकुर, राजेंद्र वारे, रामेश्वर चंद्रा, नवीन यादव, सागर दीवान, अरविंद साहू, इमरान खान और नीरज यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व वार्डवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में शहर कांग्रेस अध्यक्ष रामनाथ सिदार ने उपस्थित विधायक, संगठन पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं वार्ड की जनता का आभार व्यक्त किया।




