सारंगढ़ बिलाईगढ़

खैरझीटी सत्संग आश्रम में मां वैष्णवी संगीत महाविद्यालय का रंगारंग संगीत कार्यक्रम

सारंगढ़। दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर 9 नवंबर 2026 को खैरझीटी सत्संग आश्रम में मां वैष्णवी संगीत महाविद्यालय रानीसागर, सारंगढ़ के छात्र-छात्राओं द्वारा शास्त्रीय संगीत एवं भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य एवं गुरु एल. डी. वैष्णव के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ताल तरंग की प्रस्तुति से हुआ। नौसागर चौधरी, निर्मल भारती, मनोज मैत्री, मुकुंद दास एवं जतिन पटेल ने तबले पर तीनताल में कायदे, पलटे एवं परन आदि की शानदार प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसके पश्चात प्राचार्य एल. डी. वैष्णव के साथ सभी शिष्यों ने ताल रूपक में मां सरस्वती की वंदना समूहगान के रूप में प्रस्तुत की।

संगीत प्रस्तुतियों की कड़ी में प्रकाश केवट ने राग भूपाली में गणेश वंदना तीनताल में तथा राग यमन में एकताल पर लक्षण गीत प्रस्तुत किया। श्रुति वैष्णव ने रूपक ताल में श्रीराम स्तुति, राग आड़ाना में तीनताल तथा कहरवा ताल में भजन ‘बस गया नैनों में’ की सुंदर प्रस्तुति दी।

जसपाल रत्नाकर ने राग भीमपलासी में तीनताल तथा सिंध भैरवी में ‘तेरी मुरली जलाए मेरी जान’ की भावपूर्ण प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। देवेश वैष्णव ने राग मालकोश पर आधारित ‘पग घुंघरू बांध मीरा नाची रे’ सहित सुंदर भजन प्रस्तुत किया।

कृषि टंडन ने राग बिहाग में भगवान श्रीकृष्ण से संबंधित मनमोहक भजन तथा राग भूपाली में तीनताल पर ‘जाऊं तेरे चरण कमल पर वारी’ प्रस्तुत किया। वहीं नौसागर चौधरी ने राग रागेश्री में ‘लगन लगी तुम्हारे चरण की’ की सुंदर प्रस्तुति के साथ भजन गायन किया।

कार्यक्रम के अंत में मुकुंद दास महंत ने राग तिलंग में ‘हरि के भजन बिना कैसे तरोगे’ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति के साथ खैरझीटी सत्संग आश्रम में आयोजित संगीत कार्यक्रम का समापन हुआ।

कार्यक्रम का मंच संचालन एवं तबला संगत लम्बोदर दास जी ने किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान आश्रम का वातावरण शास्त्रीय संगीत, भक्ति एवं आध्यात्मिक भावनाओं से सराबोर रहा। उपस्थित श्रोताओं ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button