छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

राज्य स्तरीय टीम ने जिला चिकित्सालय सारंगढ़ का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की सराहना

सारंगढ़ बिलाईगढ़ न्यूज/जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का मूल्यांकन करने के लिए राज्य स्तरीय कायाकल्प असेसमेंट टीम ने गुरुवार को अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया। सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में अस्पताल प्रबंधन ने टीम को अस्पताल परिसर का भ्रमण कराते हुए विभिन्न विभागों में संचालित व्यवस्थाओं और सेवाओं की जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान टीम ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण, मरीजों को मिलने वाली सेवाओं तथा स्टाफ की कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन किया। मूल्यांकनकर्ताओं ने जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य कर्मियों के कार्यों की सराहना की।

राज्य स्तरीय मूल्यांकन टीम में राज्य कार्यक्रम अधिकारी एनएचएम डॉ. प्रदीप टंडन, उपसंचालक डॉ. अभिजीत बनर्जी, राज्य सलाहकार डॉ. नीतीश परगनीहा तथा संभागीय सलाहकार ऋषिकेश रात्रे शामिल रहे। टीम ने पैथोलॉजी लैब, पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी), पीडियाट्रिक वार्ड, मुख्य स्टोर, फार्मेसी (दवा वितरण केंद्र) सहित जिला चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों और विभागों का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्वच्छ वातावरण, संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा कर्मचारियों की कार्यशैली की प्रशंसा की। साथ ही अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं उत्कृष्ट बनाने के उद्देश्य से कुछ आवश्यक सुधार संबंधी सुझाव भी दिए। टीम ने जिन छोटी-मोटी कमियों की ओर ध्यान आकर्षित किया, उन्हें शीघ्र दूर करने के निर्देश अस्पताल प्रबंधन को दिए गए।

सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने कहा कि राज्य स्तरीय टीम द्वारा दिए गए सभी सुझावों पर प्राथमिकता के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी अस्पताल की व्यवस्थाओं में लगातार सुधार किया जाता रहेगा।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मचारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कायाकल्प टीम के इस मूल्यांकन को जिला चिकित्सालय के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे अस्पताल की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button