सारंगढ़ बिलाईगढ़

कलेक्टर ने की स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक

सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए आमजन को बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान हाईरिस्क प्रेग्नेंसी (उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं) की स्थिति एवं उनके स्वास्थ्य देखभाल की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जिले में चल रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान क्रियान्वयन की भी समीक्षा की। उन्होंने तीनों विकासखंडों में अब तक कितने बच्चों को एचपीवी वैक्सीन लगाया गया है, इसकी जानकारी लेते हुए अधिक से अधिक पात्र बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एनीमिया मुक्त भारत अभियान तथा आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में न्योता भोज आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन के माध्यम से बच्चों को पौष्टिक एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराने के साथ जनभागीदारी को भी बढ़ावा दिया जाए।

कलेक्टर ने जिले को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी एवं निरंतर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में अधिक से अधिक कुपोषित बच्चों को उपचार एवं आवश्यक पोषण सेवाएं उपलब्ध कराने तथा बच्चों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव, तीनों विकासखंडों के बीएमओ , महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उत्तम साहू तथा जिले के परियोजना अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button