छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

जिले की संवेदनशील कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने पत्रकारों के साथ की पत्रकार वार्ता

सारंगढ़ की जनता व अधिकारियों के साथ मीडिया का सहयोग भी आवश्यक – पद्मिनी साहू कलेक्टर

सारंगढ़ के विकास में स्वास्थ्य सुविधाएं वाटर लेवल और ऑर्गेनिक कृषि पर काम करना होगा – कलेक्टर

सारंगढ़ के विकास को लेकर गंभीर दिखीं कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, पत्रकारों संग हुई व्यापक चर्चा

सारंगढ़ बिलाईगढ़ न्यूज़/ जिला कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने जिला मुख्यालय में पत्रकारों के साथ आयोजित पत्रकार वार्ता में जिले के विकास, जन समस्याओं एवं प्रशासनिक प्राथमिकताओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सारंगढ़ जिले के विकास में प्रशासन के साथ-साथ मीडिया की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकार समाज और शासन के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य करते हैं और जनता की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। डिप्टी कलेक्टर उमेश साहू ने पत्रकार वार्ता के शुभारंभ में आगंतुक सभी पत्रकारों का अभिवादन करते हुए सभी को परिचय के लिए आमंत्रित किया।

कलेक्टर श्रीमती साहू जिले के विकास संबंधी मुद्दों पर काफी सजग एवं संवेदनशील नजर आईं। उन्होंने कहा कि सारंगढ़ जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाना, गिरते वाटर लेवल को नियंत्रित करना तथा ऑर्गेनिक कृषि को बढ़ावा देना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने एवं किसानों को जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में प्रशासन लगातार कार्य करेगा।

पत्रकार वार्ता के दौरान जिले के पत्रकारों ने भी शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की वर्तमान समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। पत्रकारों द्वारा शहरी क्षेत्र में हो रही रजिस्ट्री संबंधी समस्याओं, नगर में वर्षा ऋतु से पूर्व नालियों की सफाई, शहर की स्वच्छता व्यवस्था, समय-समय पर होने वाली बिजली कटौती, तालाबों पर बढ़ते अवैध कब्जों तथा मुख्यमंत्री घोषणा से प्राप्त राशि से लंबित विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

पत्रकारों ने कहा कि बारिश के पूर्व शहर की नालियों की सफाई नहीं होने से जलभराव की स्थिति निर्मित होती है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं तालाबों पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। इस पर कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने एवं समस्याओं के निराकरण के लिए गंभीरता से कार्य करने की बात कही।

शहरी विकास, सड़क, पेयजल, बिजली एवं स्वच्छता जैसे विषयों पर भी प्रशासन और पत्रकारों के बीच सकारात्मक संवाद देखने को मिला। कलेक्टर ने भरोसा दिलाया कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा तथा विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पत्रकार वार्ता का वातावरण पूरी तरह संवादात्मक एवं सकारात्मक रहा, जहां जिले के विकास को लेकर प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने अंत में कहा कि “सारंगढ़ जिले को विकास की नई दिशा देने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है और इसमें जनता एवं मीडिया का सहयोग बेहद आवश्यक है।”

उक्त पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ पत्रकार अब्बास अली सैफी, भरत अग्रवाल, गोल्डी नायक, गोपेश रंजन द्विवेदी, रामकिशोर दुबे, ओंकार बानी, दीपक थवाईत, संजय मानिकपुरी, दिनेश जोल्हे, रवि तिवारी, कैज़ार अली, राजा खान, सुभाष जायसवाल, मणि शंकर जायसवाल, मिलन दास महंत, योगेश कुर्रे, टार्जन महेश, गोल्डी जोल्हे, देव जाटवर व अन्य पत्रकार साथी और मीडिया से जुड़े जनमानस उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button