प्रधानमंत्री के जन्म दिन पर जले आशीर्वाद के दीप

खाड़ाबन तालाब के 10 घाटों पर एक साथ जगमगाए 51 हजार से अधिक दीप
सारंगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उनके जन्मदिन 17 सितंबर को सारंगढ़ सहित पूरे जिले में आशीर्वाद के दीप जगमगा उठे । जिला कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू एवं पुलिस कप्तान सुनील शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष अभियान में नगर के खाड़ाबन तालाब के 10 घाटों पर एक साथ 51 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जन सेवा व राष्ट्र निर्माण की यात्रा के प्रति सम्मान प्रकट करने के उद्देश्य से आयोजित इस दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य विभाग, स्वसहायता समूहों, पुलिस विभाग एवं नगर पालिका सहित विभिन्न शासकीय एजेंसियों और सामाजिक समूहों ने सहभागिता निभाई । शांम 7 बजे जैसे ही दीप प्रज्ज्वलित हुए, खाड़ाबन तालाब के घाट रोशनी से जगमगा उठे और पूरा वातावरण दीपों की आभा से आलोकित हो गया।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी लोगों ने अपने घर-आंगन, मंदिरों व तालाबों में दीप जलाकर अभियान में सहभागिता निभाई । नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक दीपों की रोशनी जन भावनाओं और शुभकामनाओं का प्रतीक बनी ।श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने पत्रकार वार्ता में जिलेवासियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उनके यशस्वी एवं दीर्घायु जीवन की कामना के लिए दीप प्रज्ज्वलित करने की अपील की थी। उनकी अपील के बाद जिले भर में लोगों ने उत्साह के साथ इस अभियान में भागीदारी की। इस
कार्यक्रम के दौरान जलते दीपों के माध्यम से सेवा, सुशासन, विश्वास और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को अभिव्यक्त किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिकों ने उपस्थित होकर दीप प्रज्ज्वलित किए व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिन को विशेष एवं यादगार बनाने में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।




