सारंगढ़ बिलाईगढ़

सेवा संकल्प अभियान में जिला अस्पताल ने दिया स्वच्छता और स्वस्थ वातावरण का संदेश

चिकित्सकों से लेकर सफाई कर्मियों तक ने संभाली जिम्मेदारी, वार्डों और अस्पताल परिसर में चलाया स्वच्छता अभियान

स्वच्छ एवं संक्रमणमुक्त वातावरण बनाए रखने का लिया संकल्प

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 02 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव के निर्देशन में आयोजित “स्वच्छता की ओर एक कदम” कार्यक्रम में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, अधिकारी-कर्मचारियों और सफाई कर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर अस्पताल परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और संक्रमणमुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया।
सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य अमले ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, बाह्य रोगी विभाग, गलियारों, प्रतीक्षालयों और बाहरी परिसर में व्यापक साफ-सफाई की। इस दौरान परिसर में एकत्रित कचरे का उचित निपटान किया गया। साथ ही अस्पताल से निकलने वाले जैव चिकित्सा अपशिष्ट के सुरक्षित प्रबंधन और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उसके निष्पादन पर विशेष ध्यान दिया गया। स्वास्थ्य कर्मियों को सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग रखने तथा स्वच्छता संबंधी निर्धारित मानकों का नियमित पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने कहा कि स्वच्छ अस्पताल स्वस्थ समाज की पहचान है। अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन आते हैं, इसलिए परिसर की स्वच्छता स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। स्वच्छ वातावरण संक्रमण की आशंका को कम करने के साथ मरीजों को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में सहायक होता है। उन्होंने अस्पताल के प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी से अपने कार्यस्थल के साथ पूरे परिसर की स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
अभियान के दौरान अस्पताल पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें परिसर में कचरा नहीं फैलाने और कचरे को निर्धारित कूड़ेदान में ही डालने का संदेश दिया गया। स्वास्थ्य अमले ने लोगों से स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाने और अस्पताल परिसर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करने की अपील की।
अभियान के समापन पर अस्पताल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जिला चिकित्सालय परिसर में नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने और अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने का संकल्प लिया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस गतिविधि के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ अस्पताल बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का आधार होने के साथ संक्रमण से बचाव और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में सामूहिक जिम्मेदारी भी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button