सारंगढ़ बीजेपी में इस्तीफा का ट्विस्ट

शहर मंडल अध्यक्ष के इस्तीफे की अफवाहों पर लगा विराम, लेकिन असंतोष बरकरार
सारंगढ़ न्यूज़/ सारंगढ़ – बिलाईगढ़ जिले में भारतीय जनता पार्टी का संगठनात्मक ढांचा इन दिनों अंदरूनी कलह और राजनीतिक ड्रामे का केंद्र बना हुआ है। जिलाध्यक्ष के चयन के बाद से ही पार्टी के भीतर शुरू हुई रस्साकशी अब खुलकर सामने आने लगी है। हाल ही में शहर मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश बानी के इस्तीफे को लेकर दिन भर चले घटनाक्रम ने राजनीतिक पारे को और बढ़ा दिया, हालांकि बाद में पार्टी नेतृत्व ने इन खबरों को पूरी तरह से निराधार बताया।
विश्राम गृह में मंत्री जी के आगमन के दौरान कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और जनसमस्याओं की अनदेखी को लेकर शहर मंडल अध्यक्ष की नाराजगी सार्वजनिक हुई थी। इसके तुरंत बाद ही सोशल मीडिया पर उनके इस्तीफे का एक पत्र तेजी से वायरल हो गया। इस हलचल के बाद जब जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल और स्वयं जयप्रकाश बानी से संपर्क किया गया, तो दोनों नेताओं ने किसी भी प्रकार का त्यागपत्र दिए जाने या प्राप्त होने से साफ इनकार कर दिया। इसके साथ ही इस्तीफे के इस घटनाक्रम पर फिलहाल औपचारिक विराम लग गया है।
भले ही इस्तीफे की खबर महज एक अफवाह हो, लेकिन आगामी नगर पालिका चुनावों से ठीक पहले पार्टी के भीतर पनप रहा असंतोष अब किसी से छिपा नहीं है। जिला संगठन पर नेतृत्व की पकड़ कमजोर होती दिखाई दे रही है। जिला अध्यक्ष की पार्टी में पकड़ और मजबूती की डोर ढीली पड़ती दिख रही है।
राजनीतिक व पार्टी सूत्रों का कहना है कि स्पष्टवादिता और संगठन की नीतियों का विरोध करने के कारण पूर्व में भी वरिष्ठ नेताओं को साइडलाइन किया जा चुका है, इसके पूर्व भी पार्टी में अपनी बात रखने और सच कहने की सजा पूर्व मंडल अध्यक्ष राम कुमार थुरिया को मिल चुकी है।




