स. शि. मं. बरमकेला में छ. ग. पुलिस का जन- जागरूकता अभियान संपन्न

बरमकेला। “सजग नागरिक ही सुरक्षित समाज की आधारशिला” — अपराधों से बचाव एवं नए भारतीय कानूनों की दी विस्तृत जानकारी
छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित “जन- जागरूकता अभियान : नया कानून– नया न्याय” के अंतर्गत पुलिस थाना बरमकेला के तत्वावधान में सरस्वती शिशु मंदिर बरमकेला में एक प्रभावी, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी जन- जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं नागरिकों को वर्तमान समय में बढ़ते अपराधों के प्रति जागरूक करना, नवीन भारतीय कानूनों की जानकारी प्रदान करना तथा समाज में सुरक्षा, अनुशासन एवं उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना था।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी श्री अजीब बेग, उप निरीक्षक (एस.आई.) श्रीमती भारती, सहायक उप निरीक्षक (ए.एस.आई.) श्री लखपति प्रधान एवं हवलदार श्री भुवनेश्वर पंडा सहित पुलिस विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से अध्यक्ष श्री सुदामा प्रसाद अग्रवाल, व्यवस्थापक श्री बसंत सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष श्री मनीष नायक, प्राचार्य श्री दासरथी प्रधान, समस्त आचार्य- दीदियाँ तथा बड़ी संख्या में छात्र- छात्राएँ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप मातृत्रय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना तथा अतिथियों के तिलक- वंदन एवं आत्मीय स्वागत के साथ हुआ। तत्पश्चात कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समाज में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्तियों, उनके दुष्परिणामों तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
अपने प्रेरक एवं सहज उद्बोधन में अधिकारियों ने भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम सहित नवीन भारतीय कानूनों की जानकारी दी। साथ ही यातायात नियमों, महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों, साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को यह संदेश भी दिया कि जागरूकता, अनुशासन और कानून का सम्मान ही सुरक्षित एवं सशक्त समाज की सबसे बड़ी शक्ति है।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह एवं जिज्ञासा के साथ अनेक प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने विस्तारपूर्वक एवं संतोषजनक उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। लगभग डेढ़ घंटे तक चले इस संवादात्मक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे अनुशासन, एकाग्रता एवं उत्साह के साथ सहभागिता निभाई। कार्यशाला का सकारात्मक प्रभाव विद्यार्थियों की जागरूकता, आत्मविश्वास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना में स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय परिवार ने छत्तीसगढ़ पुलिस के इस जनहितकारी एवं सराहनीय प्रयास की भूरि- भूरि प्रशंसा करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे जन- जागरूकता अभियान विद्यार्थियों में कानून के प्रति सम्मान, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्रसेवा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेंगे।
अंत में प्रबंधकारिणी समिति की ओर से कोषाध्यक्ष श्री मनीष नायक ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं अतिथियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस का यह जन- जागरूकता अभियान विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में अत्यंत प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय पहल है। उन्होंने पुलिस विभाग के इस सराहनीय प्रयास की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की। “सजग रहें, सुरक्षित रहें” के प्रेरक संदेश के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।




