सारंगढ़: व्यवसायी पर प्राणघातक हमले के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश,

चैंबर ऑफ़ कॉमर्स ने किया सारंगढ़ नगर बंद का आह्वान
कानून-व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल, शहर के हृदय स्थल में हुई घटना से सहमे व्यापारी,
सारंगढ़ न्यूज़/
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला मुख्यालय के हृदय स्थल स्थित रानी लक्ष्मीबाई कॉम्प्लेक्स से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। यहाँ ‘ब्वॉयज कलेक्शन’ के संचालक सम्मी केसरवानी की दुकान में घुसकर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा प्राणघातक हमला किया गया। इस घटना के बाद से न केवल स्थानीय व्यापारियों में, बल्कि पूरे प्रदेश के व्यापार जगत में गहरा आक्रोश पनप रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि यदि जिला मुख्यालय के सबसे व्यस्त और मुख्य इलाके में ही व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं, तो बाहरी क्षेत्रों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। इस घटना ने स्थानीय कानून-व्यवस्था की स्थिति को पूरी तरह से हाशिए पर लाकर खड़ा कर दिया है।
पीड़ित परिवार, निष्पक्ष विवेचना की मांग –
घटना के बाद पुलिस विभाग और स्थानीय कोतवाली पुलिस द्वारा साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही जा रही है। लेकिन दूसरी ओर, पीड़ित परिवार ने इस पूरी कार्रवाई पर गंभीर असंतोष जताया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस द्वारा अब तक की गई कार्रवाई ‘महज एक दिखावा’ है और मुख्य पहलुओं की गहराई से विवेचना नहीं की गई है।
व्यापारिक संगठन के एक बड़े धड़ ने पूर्व में पुलिस अधीकारियों से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ ठोस और सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई थी। अब सवाल यह उठता है कि क्या सारंगढ़ जिला कोतवाली थाना द्वारा की गई विवेचना और कार्रवाई वाकई पर्याप्त है।
सारंगढ़ बंद का आह्वान सोशल मीडिया पर चर्चा तेज – इस पूरे घटनाक्रम को लेकर आज ‘सारंगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स’ द्वारा ‘सारंगढ़ बंद’ का एक बड़ा आह्वान किया गया था। इस बंद को लेकर बाकायदा सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया गया और व्यापारी एकजुट नजर आ रहे है।




