जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की गौ ग्राम जन जागरण यात्रा…

सारंगढ़ बिलाईगढ़ न्यूज/ छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के तत्वावधान में आयोजित गौ ग्राम जन जागरण यात्रा का शुभारंभ सारंगढ़ में गरिमामयीं वातावरण के बीच किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा वाहन को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने गौ संरक्षण एवं संवर्धन को समाज की साझा जिम्मेदारी बताते हुए सभी से इस जनजागरण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

गांव-गांव पहुंचेगा गौ संरक्षण का संदेश – गौ ग्राम जन जागरण यात्रा का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में गौवंश के संरक्षण, संवर्धन, प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है। यात्रा के माध्यम से किसानों, पशुपालकों एवं आम नागरिकों को गौ आधारित कृषि और आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था की जानकारी दी जाएगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताई गौ सेवा की महत्ता – इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, कृषि और ग्रामीण जीवन की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती और किसानों की आर्थिक समृद्धि से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने सभी नागरिकों से गौ सेवा एवं संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की।
पशुपालन विभाग ने किया जागरूक – कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेंद्र पाण्डेय ने कहा कि शासन द्वारा गौवंश के संरक्षण एवं पशुपालकों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने पशुपालकों से वैज्ञानिक पद्धति से पशुपालन, समय-समय पर टीकाकरण तथा पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की।
वहीं पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम भूषण तिवारी ने गौ आधारित प्राकृतिक खेती के लाभ बताते हुए कहा कि गोबर एवं गोमूत्र से तैयार जैविक खाद और कीटनाशकों का उपयोग किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है। इससे खेती की लागत घटती है और मिट्टी की उर्वरता भी बढ़ती है।
समाजसेवियों ने भी निभाई सहभागिता – कार्यक्रम में समाजसेवी प्रकाश तिवारी गौ रक्षक सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने गौ संरक्षण एवं संवर्धन के इस अभियान की सराहना करते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने कहा कि इस प्रकार की जनजागरण यात्राएं समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम में पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, गौसेवक, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




