छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

नवपदस्थ जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने संभाला कार्यभार, बैठक लेकर दिए आवश्यक निर्देश

सामंजस्यपूर्ण कार्यशैली के लिए याद किए जाएंगे इंद्रजीत बर्मन,

नवागत सीईओ ऋषिकेश तिवारी का हुआ आत्मीय स्वागत

जिपं सभागार में विदाई एवं अभिनंदन समारोह,

जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों को नई गति मिलने की जताई उम्मीद

सारंगढ़ बिलाईगढ़ न्यूज़/
ऋषिकेश तिवारी ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालते ही उन्होंने जिले की विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की कमान पूरी तरह अपने हाथों में ले ली है। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद नवागत सीईओ ने जिला पंचायत के सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की एक परिचयात्मक सह समीक्षा बैठक ली।

टीम वर्क और ग्रामीण विकास पर विशेष फोकस
बैठक में उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करने के बाद सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन के निर्देशों का सही समय पर क्रियान्वयन करना और ग्रामीण जनता के कार्यों को प्रमुखता देना हमारी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने रुके हुए कार्यों में शीघ्रता लाने और सभी को एक ‘टीम वर्क’ की भावना के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

प्रमुख योजनाओं की समीक्षा और कड़े निर्देश –
समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने जिला पंचायत के अंतर्गत आने वाले सभी विभागों के कार्यों का बारीकी से मूल्यांकन किया और कुछ निर्देश दिये जिनमें

जी राम जी योजना:- योजना के तहत नए कार्यों को जल्द स्वीकृति देने तथा लेबर (श्रमिकों) की संख्या बढ़ाने के कड़े निर्देश दिए गए।

प्रधानमंत्री आवास योजना:- हितग्राहियों के आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें जल्द से जल्द पूर्ण करने को कहा गया।

NRLM (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन):- स्व-सहायता समूहों की प्रगति और उनके सुदृढ़ीकरण के लिए विशेष प्लानिंग करने पर जोर दिया गया।

अन्य योजनाएं:- स्वच्छ भारत मिशन, मुख्यमंत्री समग्र योजना, रामलला दर्शन योजना सहित अन्य सभी निर्माण कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अनुभवी प्रशासनिक पृष्ठभूमि:- गौरतलब है कि नवपदस्थ जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी इससे पूर्व जनपद पंचायत सारंगढ़ में भी सीईओ के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जिससे उनके इस अनुभव का लाभ जिले के विकास को मिलेगा।

निवर्तमान सीईओ को विदाई और नवागत का स्वागत- बैठक से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्यों ने नवपदस्थ सीईओ ऋषिकेश तिवारी को गुलदस्ता भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।

इसके साथ ही जिला पंचायत सभागृह में एक विदाई समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें निवर्तमान सीईओ इंद्रजीत बर्मन को शाल, श्रीफल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर विदाई दी गई।

विदाई समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने कहा कि स्थानांतरण प्रशासनिक व्यवस्था का सामान्य हिस्सा है, लेकिन कुछ अधिकारी अपनी कार्यशैली और व्यवहार से ऐसी पहचान बना जाते हैं, जिन्हें लंबे समय तक याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि इंद्रजीत बर्मन का कार्यकाल प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण रहा। उनके पूरे कार्यकाल में विकास कार्यों को लेकर सामंजस्यपूर्ण वातावरण बना रहा और किसी प्रकार के विवाद की स्थिति सामने नहीं आई। सारंगढ़ जिले के प्रथम मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नई जिम्मेदारी में भी वे अपनी कार्यकुशलता से उत्कृष्ट सेवाएं देंगे।

समारोह में जिला पंचायत सदस्यों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों ने श्री बर्मन को पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इंद्रजीत बर्मन ने कहां की आप सभी का जनप्रतिनिधि अधिकारी और वरिष्ठ अधिकारियों का भी सहयोग मिला एक अच्छे टीमवर्क के साथ हम लोगों ने कार्य किया आप सभी और यहां जो कार्य हमने किया है वह मेरे लिए स्मरणीय रहेगा।

इस दौरान नवागत मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी का भी गर्मजोशी से स्वागत किया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि श्री तिवारी पूर्व में जनपद पंचायत सारंगढ़ में पदस्थ रह चुके हैं। क्षेत्र की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक परिस्थितियों की उन्हें अच्छी जानकारी है। ऐसे में शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा ग्रामीण विकास कार्यों में तेजी लाने में उनके अनुभव का लाभ जिले को मिलेगा।

जनप्रतिनिधियों ने आशा व्यक्त की कि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए नवागत सीईओ गांवों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देंगे और विकास कार्यों को नई गति प्रदान करेंगे। इससे सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के समग्र विकास को और अधिक मजबूती मिलेगी।
समारोह के अंत में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, पंचायत सचिवों तथा जिला पंचायत के अधिकारियों – कर्मचारियों ने पूर्व सीईओ को भावभीनी विदाई दी और नवागत सीईओ का स्वागत करते हुए जिले के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय, ज्योति पटेल जिला अध्यक्ष, अजय जवाहर नायक जिला उपाध्यक्ष जिला पंचायत सदस्य गण श्रीमती अभिलाषा नायक, श्रीमती शिव कुमारी साहू, श्रीमती सौहर्द्रा सिदार, श्रीमती भगवंतिम कुंजराम, श्रीमती सुशीला नायक, डॉ हरिहर जायसवाल, युवराज शरण सिंह, श्री दीपक तिवारी (अधिवक्ता) सहित जिला पंचायत के अन्य सदस्य एवं विभागीय अधिकारी – कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button