सारंगढ़ बिलाईगढ़

लातनाला में बही कार से 72 घंटे बाद मिले पूर्व सरपंच और पत्नी के शव, क्षेत्र में शोक की लहर

आपदा टीम द्वारा सफल रेस्क्यू कर निकाला गया गाड़ी व बॉडी

कलेक्टर पद्मिनी साहू एसपी सुनील शर्मा ने बॉडी को तत्काल जिला अस्पताल पीएम हेतु भेजा,

नायाब तहसीलदार प्रकाश पटेल व टी आई प्रमोद यादव व प्रशासनिक अमला तीन दिनों से डटा रहा

तहसीलदार एस एन सिंहा ने मोर्चा संभाला और रेस्क्यू टीम के साथ पूरी प्रशासनिक कार्यवाही पूर्ण की

रेस्क्यूस्थल से पीएम हेतु परिवारजन के साथ संजय पांडेय जिपं अध्यक्ष ज्योति पटेल अस्पताल पहुचे

सारंगढ़-बिलाईगढ़ न्यूज/ सारंगढ़-बरमकेला मार्ग पर स्थित माधोपाली लातनाला में तीन दिन पूर्व हुए भयावह हादसे का बुधवार को अत्यंत दुखद अंत हुआ। रविवार शाम लगभग 5:30 बजे घोठला (बड़े) गांव के पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल अपनी पत्नी सविता पटेल के साथ कार द्वारा घर लौट रहे थे। इसी दौरान माधोपाली के पास स्थित जर्जर पुल पर नाले के तेज उफान के बीच गाड़ी किनारे करते समय कार अनियंत्रित होकर गहरे नाले में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी के भारी बहाव और गहराई के कारण दंपति कार समेत बह गए।

पंजाब से बुलाई गई विशेष रेस्क्यू टीम, 3 दिन चला मैराथन ऑपरेशन –
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, SDRF, DDRF और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया। लगातार बारिश और तेज बहाव के कारण शुरुआती दो दिनों तक कार का कोई सुराग नहीं मिल सका। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पंजाब से विशेष रूप से प्रशिक्षित गोताखोरों और रेस्क्यू विशेषज्ञों को आमंत्रित किया।आधुनिक उपकरणों और 72 घंटे की भारी मशक्कत के बाद बुधवार को जलमग्न कार को बाहर निकाला गया, जिसके भीतर से दोनों शव बरामद हुए। पानी में तीन दिनों तक रहने के कारण शवों में विघटन शुरू हो चुका था, जिसे देखते हुए रेस्क्यू टीम ने अत्यंत सतर्कता से बॉडी को बाहर निकाला। शव बरामद होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया।

घटना स्थल पर डटा रहा प्रशासनिक अमला :- तहसीलदार एस.एन. सिंहा खुद रेस्क्यू टीम के साथ बोट में मौजूद रहकर पूरी कार्यवाही का नेतृत्व कर रहे थे। वहीं नायब तहसीलदार प्रकाश पटेल, पटवारीगण, टीआई प्रमोद यादव व पुलिस टीम बीते तीन दिनों से भारी बरसात में मुस्तैद रही।

जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का सहयोग :- स्थानीय युवा जन प्रतिनिधि मोती पटेल, रेस्क्यू टीम के साथ तीन दिनों तक तीन रात बराबर सहयोग बना रहा जिनके आसपास के ग्रामीण जनों ने भी सहयोग किया। जिला पंचायत सदस्य हरिहर जायसवाल, जनपद सीईओ पटेल, आसपास के सरपंच-सचिव तथा ग्रामीणों ने दिन-रात रेस्क्यू टीम का सहयोग किया।

जिला प्रशासन की सतर्कता – जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू व जिले के पुलिस कप्तान सुनील शर्मा के साथ एसडीएम उमेश साहू भी घटना स्थल में डटे रहे और उनके समक्ष रेस्क्यू टीम उफनते नाले के बहाव के विपरीत डेड बॉडी को लेकर माधोपाली नाले के किनारे पहुंची, जहां जिला कलेक्टर ने तत्काल बॉडी को एंबुलेंस के साथ पीएम हेतु जिला अस्पताल भिजवाया। जिला कलेक्टर ने रेस्क्यू टीम से अंतिम रेस्क्यू की पूरी जानकारी ली, उन्हें थैंक यू कहा और पूरी टीम की सराहना की। इस दरमियान मृतक दंपत्ति के परिवारजनो ने रोते हुए जिला कलेक्टर और जिला पुलिस कप्तान का आभार जाताया, जिले के दोनों अधिकारियों ने परिवारजन को ढांढस बंधाया।

उक्त रेस्क्यू स्थल पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय, ज्योति पटेल भाजपा जिला अध्यक्ष, गोल्डी नायक संपादक राहुल व कई मीडिया के साथी और जन प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। जहां वे एंबुलेंस के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और उपस्थित परिजनों को पोस्ट मार्टम के दरमियान ढांढस बंधाया।

पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर राणा विजय डिप्टी कलेक्टर, डॉ दीपक जायसवाल सर्जन व प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button