सारंगढ़ बिलाईगढ़

कलेक्टर जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी आमजनों की समस्याएं

अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश

समय-सीमा बैठक के बाद हुआ जनदर्शन, नागरिकों ने विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर सौंपे आवेदन

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 12 नवंबर 2026। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने गुरुवार को समय-सीमा की बैठक के बाद कलेक्टर जनदर्शन में आम नागरिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं। जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों ने व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने आवेदकों की बात सुनकर संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में भूमि संबंधी मामले में आवेदक रामकुमार ने पुराने नक्शे के आधार पर भूमि का नक्शा सुधारने और सीमांकन कराने की मांग की। ग्राम कलमी की आवेदिका मालती ने आंगनबाड़ी भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितता का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। उन्होंने आवेदन में कहा कि अपात्र अभ्यर्थी की नियुक्ति की गई और पात्र अभ्यर्थी को अवसर से वंचित किया गया। उन्होंने पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय समिति से जांच कराने का आग्रह किया।

ग्राम दनसरा में समलाई एवं जगन्नाथ मंदिर चौक पर शेड निर्माण कराने तथा ग्राम अमेठी में अवैध कब्जा हटाने की मांग से जुड़े आवेदन भी प्रस्तुत किए गए। धुमाभाठा निवासी ईश्वर प्रसाद ने आरबीसी 6-4 के तहत आर्थिक सहायता दिलाने का अनुरोध किया। अन्य आवेदनों में शौचालय निर्माण, ग्राम बसीनपाली के निवासियों को वन अधिकार पट्टा दिलाने और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पिछले तीन वर्षों से लंबित राशि का भुगतान कराने की मांग शामिल रही।

जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आवश्यक जांच और परीक्षण कर पात्रतानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवेदनों के निराकरण में लापरवाही न हो और प्रत्येक प्रकरण पर नियमानुसार कार्रवाई कर आवेदकों को समय पर जानकारी दी जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button