छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

जेजेएम एवं पीएम आवास के बारे में कलेक्टर ने सीधे ग्रामीणों से ली जानकारी

शीतलपुर में कलेक्टर ने घर-घर जाकर की हर घर जल के हकीकत की पड़ताल

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 15 जुलाई 2026/ बिलाईगढ़ विकासखंड के ग्राम शीतलपुर में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जल जीवन मिशन एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत किए जा रहे कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गांव में घर-घर पहुंचकर योजनाओं की जमीनी स्थिति का अवलोकन किया तथा हितग्राहियों एवं ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं की प्रगति और लाभ की जानकारी ली। जल जीवन मिशन के अंतर्गत कलेक्टर ने स्वयं विभिन्न घरों में जाकर नल चालू कर पेयजल आपूर्ति की जांच की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के सभी घरों में नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल पहुंच रहा है, जिससे उनकी दैनिक जरूरतें आसानी से पूरी हो रही हैं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कुछ स्थानों पर नल कनेक्शन में आवश्यक तकनीकी सुधार करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

ग्राम शीतलपुर में जल जीवन मिशन के सफल संचालन पर जल अर्पण प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने ग्राम सरपंच नीता तिग्गा को जल अर्पण प्रमाण-पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि तभी स्थायी रहेगी जब ग्रामीण सामूहिक रूप से जल स्रोतों का संरक्षण करेंगे, पेयजल व्यवस्था का नियमित रखरखाव करेंगे तथा समय पर जल कर (वॉटर टैक्स) का भुगतान करेंगे।

इसके पश्चात कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्माणाधीन एवं पूर्ण आवासों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राही सक्करा यादव, विजय भारद्वाज एवं मोहन के घर पहुंचकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया। साथ ही शौचालय एवं सोख्ता गड्ढे के निर्माण की भी जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने हितग्राहियों को आवास निर्माण शीघ्र पूर्ण करने तथा सभी सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए जल जीवन मिशन एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बिलाईगढ़ विकासखंड के ग्राम शीतलपुर में दोनों योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीणों में संतोष और विश्वास का वातावरण देखने को मिला। दौरे में जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button