गिरसा में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत वृहद स्वच्छता कार्यक्रम, घर-घर कचरा संग्रहण और अपशिष्ट पृथक्करण के लिए किया जागरूक

ग्रामीणों और व्यापारियों को स्वच्छता शपथ दिलाकर स्वच्छ एवं स्वस्थ गांव बनाने में सहभागिता का किया आह्वान
सारंगढ़–बिलाईगढ़,21 सितम्बर 2026। स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, घर-घर कचरा संग्रहण और स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत गिरसा, विकासखंड बिलाईगढ़ में वृहद स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामीणों, स्वच्छता से जुड़े समूहों की महिलाओं तथा स्थानीय व्यापारियों ने सहभागिता निभाई और गांव को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता शपथ दिलाते हुए स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों को डस्टबिन वितरित कर दुकानों तथा आसपास के क्षेत्रों में कचरा न फैलाने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई। ग्रामीणों को समझाया गया कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहकर घर, दुकान और सार्वजनिक स्थानों की नियमित जिम्मेदारी बने, तभी गांव में स्थायी रूप से स्वच्छ वातावरण तैयार किया जा सकता है।
इस दौरान घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था के साथ कचरे का स्रोत स्तर पर ही पृथक्करण करने पर विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों को सूखा कचरा, गीला कचरा, सैनिटरी वेस्ट तथा विशेष ध्यान देने योग्य अपशिष्ट को अलग-अलग रखने और निर्धारित व्यवस्था के अनुसार उसके प्रबंधन में सहयोग करने के लिए जागरूक किया गया। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने तथा कचरा संग्रहण दल को पृथक किया हुआ अपशिष्ट उपलब्ध कराने की अपील भी की गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडे, श्री ज्योति पटेल, जिला पंचायत सदस्य डॉ. दिनेश जांगड़े, कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी सहित जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, ग्रामीण नागरिक, स्वच्छता से जुड़े समूहों की महिलाएं और स्थानीय व्यापारी उपस्थित रहे।
स्वच्छता ही सेवा अभियान के माध्यम से ग्राम पंचायत गिरसा में स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। ग्रामीणों एवं व्यापारियों से अपने घर, दुकान और गांव को स्वच्छ रखने के साथ स्वच्छता गतिविधियों में निरंतर सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया, ताकि स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।




