श्रमजीवी पत्रकार संघ ने बिलासपुर मार्ग की दुर्दशा और पानी निकासी को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

सारंगढ़ बिलाईगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में खराब सडक़ों और जलभराव की समस्या को लेकर श्रमजीवी पत्रकार संघ ने कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
बिलासपुर मुख्य मार्ग के गड्ढ़ों की मरम्मत
वरिष्ठ पत्रकार गोपेश द्विवेदी, गोल्डी नायक आदि ने कलेक्टर को अवगत कराया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए विभिन्न स्कूलों के बच्चे पैदल इसी मार्ग से खेलभाटा स्टेडियम पहुंचते हैं। वर्तमान में सडक़ पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है, इसलिए सडक़ की तत्काल मरम्मत कराई जाए।
खेलभाटा स्टेडियम की सफाई और जलभराव की समस्या
स्टेडियम के एक छोर में तेज बारिश से भारी पानी भर गया है, जिससे बच्चों का खेल अभ्यास बंद है। आगामी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम और पुलिस बल की परेड भी इसी मैदान में होनी है, जिसे देखते हुए मैदान की साफ-सफाई और पानी निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की गई है।
गढ़ चौक मवेशी बाजार से जल निकासी
महीनों से गढ़ चौक स्थित मवेशी बाजार में पानी इनभरा हुआ है। जलभराव के कारण स्थानीय ठेले, दुकानें और मवेशी बाजार का संचालन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
प्रशासनिक आश्वासन
जिला कलेक्टर ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए जल्द ही उचित कदम उठाने और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है।




