सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक आज, पुतला दहन कार्यक्रम भी होगा

सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आज दोपहर 3 बजे जिलाध्यक्ष ताराचंद देवांगन की अध्यक्षता में जिला कांग्रेस कार्यलय में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा क्षेत्रीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
बैठक में भाजपा सरकार द्वारा रायपुर के नकटी गांव में 85 गरीब परिवारों के घरों को बरसात के मौसम में तोड़े जाने की घटना को लेकर भी चर्चा होगी। इस कार्रवाई के विरोध में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का पुतला दहन करने का निर्णय लिया गया है।
इस बैठक एवं विरोध कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रहेगी। इस दौरान पार्टी को मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार और जनसमस्याओं को लेकर आगामी रणनीति भी तैयार की जाएगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री गोल्डी नायक ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से समय पर उपस्थित होकर बैठक एवं पुतला दहन कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।




