सारंगढ़ बिलाईगढ़

कलेक्ट्रेट में सजा ‘बिहान राखी बाजार, पहले दिन हुई 13 हजार ₹ की बिक्री

कलेक्टर ने स्वयं राखी खरीदकर स्थानीय उत्पाद को दिया बढ़ावा

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 4 अगस्त 2026/ रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में बिहान अंतर्गत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा हस्तनिर्मित राखियों का विशेष स्टॉल लगाया गया। जिले के 9 स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने हाथों से आकर्षक, पर्यावरण अनुकूल एवं नवाचार से भरपूर राखियां तैयार कर प्रदर्शित कीं। स्टॉल पर दिनभर में कुल ₹13,420 की राखियों का विक्रय हुआ।

स्टॉल में पारंपरिक राखियों के साथ फलदार बीज (सीड राखी) से तैयार विशेष राखियां तथा बेल-बॉटम सहित विभिन्न आकर्षक डिजाइनों की राखियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजनों ने उत्साहपूर्वक इन राखियों की खरीदारी कर महिला समूहों का उत्साहवर्धन किया।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने स्टॉल का अवलोकन कर स्वयं महिला समूहों से राखियां खरीदीं और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि रक्षाबंधन के अवसर पर स्थानीय स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को प्राथमिकता देकर महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने के अभियान को मजबूती प्रदान करें। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों को भी नई पहचान दिलाते हैं।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, जनपद पंचायत सीईओ योगेश्वरी बर्मन, संजू पटेल सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी राखियां खरीदकर महिला समूहों का उत्साहवर्धन किया।

राखियों की खरीद में महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं पशुधन विकास विभाग की विशेष सहभागिता रही। बिहान की महिलाओं ने बताया कि हस्तनिर्मित राखियों के माध्यम से उन्हें बेहतर आय का अवसर मिल रहा है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button