सारंगढ़ में स्वतंत्रता दिवस का हुआ फाइनल रिहर्सल

सारंगढ़-बिलाईगढ़।स्वतंत्रता दिवस के पूर्व सारंगढ़ के खेलभाठा मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर गुरुवार को फाइनल रिहर्सल किया गया। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू की उपस्थिति में आयोजित रिहर्सल के दौरान समारोह की सभी व्यवस्थाओं एवं कार्यक्रमों का बारीकी से अभ्यास किया गया। फाइनल रिहर्सल में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस दौरान स्वतंत्रता दिवस समारोह में होने वाली परेड, ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार वितरण सहित विभिन्न कार्यक्रमों का रिहर्सल किया गया। परेड में शामिल टुकड़ियों ने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार मार्चपास्ट एवं अन्य गतिविधियों का अभ्यास किया। कलेक्टर ने समारोह की तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने तथा कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, सुरक्षा और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी- कर्मचारी, स्कूली बच्चे एवं जिलेवासी शामिल होंगे।




