सारंगढ़ बिलाईगढ़

स्वामी आत्मानंद स्कूल गोदाम में एक दिवसीय यातायात जागरूकता अभियान का किया गया आयोजन

🔶 हेलमेट, सीट बेल्ट के उपयोग तथा 18 वर्ष से कम उम्र में वाहन न चलाने की दी गई हिदायत।

🔶 विद्यार्थियों और स्कूल स्टॉफ को यातायात नियमों का पालन करने की दिलाई गई शपथ।

सारंगढ़।जिला पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय के निर्देशन व मार्गदर्शन में जिला यातायात पुलिस द्वारा स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, गोदाम में छात्र-छात्राओं के लिए एक दिवसीय यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाना था।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की व्यावहारिक जानकारी दी गई। अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने और चार-पहिया वाहन में सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, यातायात संकेतों का पालन करने तथा सड़क पार करते समय दाएं-बाएं देखकर हमेशा ज़ेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने के संबंध में विस्तार से समझाया। इसके अलावा, वाहन चलाते या पैदल चलते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा ओवरस्पीडिंग से बचने की अपील की गई।

विशेष रूप से 18 वर्ष से कम आयु के छात्र-छात्राओं को सख्त हिदायत दी गई कि वे किसी भी प्रकार का मोटर वाहन न चलाएं। इसके साथ ही, बच्चों से आग्रह किया गया कि वे अपने माता-पिता, परिजनों और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। अधिकारियों ने बताया कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के अनमोल जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और विद्यालय स्टाफ को यातायात नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने तथा एक सुरक्षित व जिम्मेदार नागरिक बनने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक नियमों का पालन करने और अपने परिवार व समाज में सड़क सुरक्षा का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।

इस दौरान जिला यातायात प्रभारी जितेंद्र कुमार चंद्रा,प्र आ मुकेश साहू,आर अक्षय रात्रे व अध्यापकगण और अन्य विद्यालयीन कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button