ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मिला नया संबल, कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने 18 स्कूलों को स्पोर्ट्स किट वितरित कर बढ़ाया उत्साह

ग्रामीण खिलाड़ियों को मिला प्रोत्साहन, 49 पीटीआई की मौजूदगी में स्पोर्ट्स किट वितरण*
कलेक्टर ने पीटीआई शिक्षकों को कहा, खूब मेहनत कर बच्चों को खेलों में आगे बढ़ाने पर दें जोर
संभाग से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुके खिलाड़ियों को और आगे बढ़ाने के लिए कलेक्टर ने मांगे सुझाव
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 6 अप्रैल 2026/जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने और ग्रामीण स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे द्वारा कलेक्टर सभाकक्ष में सोमवार को ग्रामीण क्षेत्र खेल अभ्यास योजना के अंतर्गत स्पोर्ट्स किट का वितरण किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न स्कूलों के पीटीआई (व्यायाम शिक्षक) बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कलेक्टर ने सभी व्यायाम शिक्षकों से परिचय प्राप्त किया और जिले में खेल गतिविधियों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
जिले में कुल 49 पीटीआई शिक्षक कार्यरत हैं, जो विभिन्न स्कूलों में बच्चों को खेल प्रशिक्षण दे रहे हैं। इस दौरान जिले के कुल 18 हाई स्कूलों को अलग-अलग खेलों की सामग्री (स्पोर्ट्स किट) वितरित की गई।
वितरित की गई खेल सामग्रियों में कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, वॉलीबॉल, क्रिकेट, सॉफ्टबॉल, ताइक्वांडो और योगा से संबंधित आवश्यक उपकरण शामिल थे।
कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने कहा कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कई खिलाड़ी संभाग स्तर से लेकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं, जो जिले के लिए गर्व की बात है। कलेक्टर ने सभी पीटीआई शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे बच्चों को खेल के प्रति अधिक से अधिक प्रेरित करें और नियमित अभ्यास कराएं, ताकि बच्चे खेलों में रुचि लेकर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि थोड़ी और मेहनत और सही मार्गदर्शन से जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना सकते हैं।
इस अवसर पर कलेक्टर ने सभी शिक्षकों से सुझाव भी मांगे, ताकि जिले में किसी एक खेल को विशेष रूप से विकसित कर उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और समन्वय से जिले को खेल के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाई जा सकती है।




