छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

ग्राम रेडा में पानीपुरी बना आफत, फूड पॉइजनिंग से मचा हड़कंप,,पचासों लोग अस्पताल में भर्ती

सारंगढ़ न्यूज़/ ग्राम रेडा में पानीपुरी खाने के बाद बड़े पैमाने पर फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आने से गांव में हड़कंप मच गया। इस घटना में बच्चों समेत कई परिवार इसकी चपेट में आ गए। अचानक उल्टी – दस्त और पेट दर्द की शिकायत शुरू होने पर ग्रामीणों को तत्काल जिला अस्पताल सारंगढ़ लाया गया, जहां पचासों की संख्या में मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। सूत्र की माने तो गुपचुप खाने के कुछ देर बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते कई लोग एक साथ बीमार पड़ गए, जिससे गांव में अफरा तफरी मच गई । परिजनों, ग्रामीणों ने तत्काल सभी को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया।

घटना की सूचना मिलते ही रात करीब 1 बजे जन प्रतिनिधि जिला अस्पताल पहुंचे और भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों को सभी मरीजों के बेहतर इलाज, आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ड्यूटी डॉक्टर ने बताया कि सभी मरीज अब खतरे से बाहर हैं। समय पर इलाज मिलने से स्थिति नियंत्रण में है। मरीजों को ORS और जरूरी दवाइयां दी जा रही हैं तथा लगातार निगरानी रखी जा रही है। अस्पताल में इस दौरान रेडा के सरपंच प्रतिनिधि जितेंद्र पुराइन युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष भाई राजेंद्र वारे, सागर दीवान एवं सिद्धू खूंटे भी मौजूद रहे। उन्होंने मरीजों व परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया तथा हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। घटना के बाद गांव में गुपचुप की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने खाद्य सुरक्षा विभाग से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्यवाही की मांग की है, ताकि – भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button