सारंगढ़ में किसान मोर्चा की निकली भव्य तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा

100 से अधिक ट्रैक्टरों पर लहराया तिरंगा, ‘जय जवान-जय किसान’ के नारों से गूंजा शहर
सारंगढ़ न्यूज़/ स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर 12 अगस्त को सारंगढ़-बिलाईगढ़ किसान मोर्चा द्वारा एक भव्य तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा का आयोजन किया गया। यह देशभक्ति से ओत – प्रोत यात्रा ग्राम माजगोड़ा से प्रारंभ होकर सारंगढ़ लोनिवि विश्राम गृह पहुंचकर सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
यात्रा में क्षेत्रभर के लगभग 100 ट्रैक्टरों में सवार होकर बड़ी संख्या में किसानों ने हिस्सा लिया। हर ट्रैक्टर पर लहराते राष्ट्रध्वज तिरंगे ने पूरे मार्ग को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा के दौरान “जय जवान, जय किसान”, “अन्नदाता का सम्मान हो” और “भारत माता की जय” के गगन भेदी नारों से क्षेत्र गूंज उठा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय, मंडल प्रभारी स्वप्निल स्वर्णकार, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि कैलाश नायक, रामचरण पटेल जनपद सभापति प्रतिनिधि, परिमल चंद्र अनंत जी, राधामोहन पाणिग्रही और रमेश तिवारी दीपक तिवारी अधिवक्ता सहित कई प्रमुख नेता एवं क्षेत्र के सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
प्रमुख नेताओं के वक्तव्य :- जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष मुरारी नायक ने कहा “यह तिरंगा यात्रा हमारे देश के अन्नदाताओं की अटूट देशभक्ति और एकता का प्रतीक है। किसान खेत में पसीना बहाकर देश का पेट भरता है और राष्ट्र की अखंडता के लिए सदैव तत्पर रहता है। इस यात्रा के माध्यम से हमने राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान प्रकट किया है।”
जिला पंचायत अध्यक्ष, संजय भूषण पांडेय ने कहा “किसान हमारे देश की रीढ़ हैं। जब अन्नदाता अपने हाथों में तिरंगा थामकर सड़क पर निकलता है, तो राष्ट्रप्रेम का अद्भुत दृश्य नज़र आता है। किसान मोर्चा द्वारा आयोजित यह भव्य यात्रा क्षेत्र के युवाओं और नागरिकों में देशभक्ति का नया संचार करेगी।”




