लोचन प्रसाद पांडे महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत “वीरगाथा और सैन्य सम्मान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया

▶️ *जिले के पूर्व सैन्य अधिकारियों और शहीद परिवारों के परिजनों का विशेष सम्मान किया गया।*
▶️ *कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित छात्रों ने कारगिल युद्ध में शामिल रहे पूर्व सैन्य अधिकारी की साहसिक वीरगाथा सुनी।*
▶️ *जिले में सेवा संकल्प अभियान का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ।*
▶️ *जवानों के साहस और बलिदान से ही आज बस्तर नक्सल-मुक्त हो पाया है: एसपी सुनील शर्मा*
▶️ *आज देश को सबसे अधिक खतरा बाहरी ताकतों से नहीं, बल्कि अनियंत्रित मीडिया से है: संजय भूषण पांडे*
आज जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत सारंगढ़ के लोचन प्रसाद पांडे महाविद्यालय में “वीरगाथा एवं सैन्य सम्मान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडे, पुलिस अधीक्षक श्री सुनील कुमार शर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेंद्र पटेल और एसडीओपी श्री गोविंद दीवान उपस्थित रहे। इनके साथ ही पूर्व सैन्य अधिकारी, जिले के शहीद जवानों के परिजन, बड़ी संख्या में विद्यार्थी और प्राध्यापक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
🔵 *कारगिल से बस्तर तक: जवानों की कहानी, उन्हीं की ज़ुबानी*
कार्यक्रम की शुरुआत में सेवा दे चुके सैन्य अधिकारियों और शहीदों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद पूर्व सैन्य अधिकारियों ने अपने अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए।
कारगिल युद्ध में हिस्सा ले चुके पूर्व सूबेदार ने कारगिल विजय की कहानी सुनाई। उन्होंने बताया कि देश के जवान अपनी जान की परवाह किए बिना हमेशा देश की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं। ग्लेशियरों पर -45 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे के तापमान में जवान लगातार डटे रहते हैं, ताकि देश सुरक्षित रहे।
पुलिस अधीक्षक श्री सुनील कुमार शर्मा ने बस्तर में नक्सल विरोधी अभियान के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि आज का बस्तर पहले के बस्तर से बिल्कुल अलग है। पहले वहाँ अक्सर नक्सली हमले होते थे, लेकिन जवानों के साहस और बलिदान से आज बस्तर नक्सल-मुक्त हो पाया है। उन्होंने यह भी बताया कि “बॉर्डर” फिल्म देखकर उनके मन में सेवा में आने की प्रेरणा जागी थी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडे ने मीडिया की भूमिका पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि आज देश को सबसे अधिक खतरा बाहरी ताकतों से नहीं, बल्कि मीडिया से है, और देश को नियंत्रित करने का काम भी मीडिया के माध्यम से किया जा रहा है।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि जिले के जिन जवानों ने देश के लिए प्राणों की आहुति दी, उन्होंने इसी महाविद्यालय में पढ़ाई की थी। इसी महाविद्यालय की कक्षाओं में बैठकर उन्होंने शिक्षा पाई और आगे चलकर देश की सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। कार्यक्रम में उपस्थित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने ध्यानपूर्वक वीरगाथाएँ सुनीं।
🔵 *शहीद परिवारों को सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने किया सम्मानित*
कार्यक्रम के दौरान सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने जिले के शहीद जवानों के परिवारजनों को आमंत्रित कर उनका सम्मान किया। पुलिस ने शहीदों के बलिदान और उनके परिवारों के प्रति सदैव आभार और सम्मान का भाव रखने की बात कही।
🔵 *एक माह तक चले सेवा संकल्प अभियान का समापन*
छत्तीसगढ़ में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर 2026 को हुई थी। एक माह तक अलग-अलग विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। आज 17 अक्टूबर 2026 को इस आयोजन के साथ अभियान का समापन हुआ।
🔵 *सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस की अपील*
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस जिले के सभी नागरिकों से अपील करती है कि वे देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों और उनके परिवारों का सदैव सम्मान करें।
साथ ही पुलिस ने यह भी अपील की है कि सोशल मीडिया या किसी भी माध्यम से आने वाली अफ़वाह या भ्रामक सूचना को आगे न बढ़ाएँ। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तुरंत नज़दीकी थाने या डायल 112 पर दें।




