लात नाला में कार समेत बहे दम्पत्ति की खोज जारी, नही मिला अब तक कुछ

उफनते नाले में मुस्तैद आपदा राहत, पुलिस और प्रशासन की टीम
कलेक्टर ने घटनास्थल का किया दोबारा मुआयना
जनप्रतिनिधि और सैकड़ों ग्रामीणों की निरंतर आवाजाही, सब ने कहा काश वो मिल जाते
सारंगढ़-बिलाईगढ़ न्यूज/ मूसलाधार बारिश के बीच लात नाला (माधोपाली पुल) पर घटित दुःखद घटना पानी में कार समेत बहे दम्पत्ति (चालक देवनारायण पटेल एवं उनकी पत्नी) की तलाश में आपदा राहत, जिला प्रशासन और पुलिस की त्वरित व साहसिक कार्रवाई लगातार जारी है।

हादसे के 35 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की संयुक्त टीमें उफनती नाले के तेज बहाव और विकट परिस्थितियों की परवाह किए बिना युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने बिना समय गंवाए खुद मोर्चा संभाला और सीधे ग्राउंड जीरो पर लगातार सोमवार और मंगलवार को आकर पूरी रेस्क्यू मुहिम का नेतृत्व किया।
अधिकारियों की टीम तत्परता और संवेदन शीलता के साथ जवानों का हौसला बढ़ाते हुए परिवार के संकट की घड़ी में मुस्तैद है। अमझर पुल सहित आसपास के दुर्गम क्षेत्रों में जवान और स्थानीय ग्रामीण और पीड़ित परिजन भी पुलिस व प्रशासन के प्रयासों में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। रेस्क्यू को गति देने के लिए बाहर से विशेषज्ञ गोताखोरों की टीम को तत्काल बुलाया गया है और सभी एजेंसियां समन्वय के साथ काम कर रही हैं।
उक्त रेस्क्यू और गाड़ी की खोजबीन को लेकर आसपास के सैकड़ो पंचायत के ग्रामीण और दूर दराज के सैकड़ो गांव वालों का निरंतर आवाजाही बनी हुई है क्षेत्र के जनप्रतिनिधि निरंतर वहां पहुंचकर अपडेट ले रहे हैं रेस्क्यू को देख रहे हैं। सबकी जबान में खाली एक ही बात है कि काश वो मिल जाते।




