कम वोल्टेज से ग्रामीण त्रस्त, ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ाने की मांग तेज!

कोसमकुंडा सहित पूरा क्षेत्र कम वोल्टेज की परेशानी से त्रस्त!
सारंगढ़-बिलाईगढ़ न्यूज़ :- जिले के बिलाईगढ़ विधानसभा अंतर्गत ग्राम पंचायत कोशमकुंडा जोकि वर्तमान विधायक जी के निवास ग्राम भी है, जिसके बाजार चौक में इन दिनों बिजली की गंभीर समस्या ने ग्रामीणों का जीना मुश्किल कर दिया है। गांव व आसपास के क्षेत्रों में लगातार कम वोल्टेज की आपूर्ति होने से लोग भीषण गर्मी में राहत से वंचित हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सुबह से लेकर देर रात तक वोल्टेज इतना कम रहता है कि पंखे, कूलर और पानी की मोटर ठीक से काम ही नहीं कर पाते। कई बार तो स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि बल्ब भी पूरी रोशनी नहीं दे पाते। इससे जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही, वहीं बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
बाजार चौक के निवासियों ने बताया कि यह समस्या पिछले एक महीने से लगातार बनी हुई है। बार-बार वोल्टेज के उतार-चढ़ाव के कारण घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के खराब होने का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने मांग की है कि क्षेत्र में लगे ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई जाए और बिजली लाइन में आवश्यक सुधार किया जाए, ताकि स्थिर व पर्याप्त वोल्टेज की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान निकालने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।




