सारंगढ़ बिलाईगढ़

तुर्की तालाब में नगर पालिका का महास्वच्छता अभियान

स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं, स्वच्छता का संदेश पहुंचे जन जन तक – सूरज सिदार सीएमओ

कलेक्टर के निर्देश पर CMO सूरज सिदार के नेतृत्व में अधिकारियों – कर्मचारियों ने किया श्रमदान

सारंगढ़-बिलाईगढ़ न्यूज़। सारंगढ़ नगर के हृदय स्थल तुर्की तालाब गार्डन में मंगलवार को नगर पालिका परिषद सारंगढ़ द्वारा महास्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के दिशा-निर्देश पर आयोजित इस अभियान में नगर पालिका के नवनियुक्त मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) सूरज सिदार के नेतृत्व में अधिकारी-कर्मचारियों एवं स्वच्छता टीम ने श्रमदान कर तालाब परिसर की साफ-सफाई की।
अभियान के दौरान तुर्की तालाब के आसपास की झाड़ियों, पचरी, गार्डन परिसर एवं सार्वजनिक स्थानों की सफाई की गई। कर्मचारियों ने घंटों तक झाड़ू लगाकर कचरा एकत्र किया और लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। इस दौरान स्वच्छ तालाब, स्वच्छ समाज और स्वच्छ सारंगढ़ का संदेश भी दिया गया।
स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं—CMO सूरज सिदार
CMO सूरज सिदार ने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल एक दिन के कार्यक्रम या बैनर तक सीमित नहीं होना चाहिए। इसका उद्देश्य आम जनता और समाज में स्वच्छता के प्रति स्थायी जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने कहा कि अपने घर, मोहल्ले, पर्यावरण और शहर को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें। यदि किसी परिस्थिति में कचरा रखना आवश्यक हो तो उसे निर्धारित एवं सुरक्षित स्थान पर ही रखें, ताकि सफाई कर्मचारियों को उसे उठाने में सुविधा हो।
CMO ने कहा कि इस तरह के स्वच्छता एवं सेवा कार्यों को मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने से समाज में सकारात्मक बदलाव तेजी से आएगा। युवाओं में भी स्वच्छता और सेवा की भावना विकसित करने के लिए ऐसे अभियानों की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता से केवल शहर सुंदर नहीं बनता, बल्कि स्वच्छ वातावरण से लोगों को आत्मसंतुष्टि और स्वस्थ जीवन का अनुभव भी मिलता है।
नगर पालिका के इस महास्वच्छता अभियान के माध्यम से तुर्की तालाब परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के साथ ही नागरिकों से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button