कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के सख्त निर्देश, लंबित प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सुशासन तिहार, जनशिकायत, पीजी पोर्टल और ई-समाधान के प्रकरणों की हुई समीक्षा
निर्माण कार्यों में तेजी, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं स्वास्थ्य व्यवस्था और सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों पर कलेक्टर ने दिए निर्देश
सारंगढ़–बिलाईगढ़ 29 सितंबर 2026। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने आज समय सीमा की बैठक में राज्य शासन की प्राथमिकता वाले प्रकरणों, योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में लंबित 12 आवेदनों तथा सुशासन तिहार से संबंधित 94 आवेदनों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण कर उच्च गुणवत्ता के साथ निराकरण किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को आवेदनों के निराकरण के बाद आवेदकों से फीडबैक लेने के भी निर्देश दिए, ताकि शिकायतों के वास्तविक समाधान की स्थिति सुनिश्चित हो सके।
कलेक्टर ने सुशासन, जनशिकायत, पीजी पोर्टल एवं ई-समाधान के प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने राज्य शासन के निर्देशानुसार ई-ऑफिस व्यवस्था को बढ़ावा देने तथा शासकीय कार्यों में समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय पर उपस्थित हों और आम नागरिकों के कार्यों का अनावश्यक विलंब न हो।
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों तथा स्वीकृत प्रधानमंत्री आवासों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 72 निर्माण कार्यों में से 53 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 19 कार्य अब भी अपूर्ण हैं। कलेक्टर ने अपूर्ण कार्यों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बताया गया कि जिले में सारंगढ़ में 18, बिलाईगढ़ में 38 तथा बरमकेला में 16 आंगनबाड़ी भवन स्वीकृत किए गए हैं।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं की भी विभागवार समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को घोषणाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में स्वीकृत सड़क, पुल, पुलिया, भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए वर्षा ऋतु के बाद स्वीकृत एवं प्रगतिरत सभी कार्यों को गति देने के लिए विभागवार कार्ययोजना और समयबद्ध कैलेंडर तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में महानदी तटीय क्षेत्र तथा सरिया तहसील क्षेत्र में आई बाढ़ और राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारियों, खाद्य विभाग तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जलजनित बीमारियों एवं संक्रमण की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने तथा राहत शिविरों में आवश्यक चिकित्सा, पेयजल, भोजन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने राज्य शासन की प्राथमिकता वाले सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में संचालित होने वाली गतिविधियों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप सभी कार्यों को प्रभावी ढंग से संपादित करने तथा आम नागरिकों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी, एसडीएम सारंगढ़ श्री उमेश साहू, एसडीएम बिलाईगढ़ श्रीमती ऋचा सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती वर्षा बंसल सहित संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
बॉक्स समाचार
*राज्य शासन की प्राथमिकता वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत तीन विकासखंडों में विशेष शिविर*
*कलेक्टर ने अधिकारियों को समय पर सभी तैयारियां पूर्ण कर आम नागरिकों को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश*
राज्य शासन की प्राथमिकता वाले सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और प्रशासनिक कार्यों को सुगम बनाने के उद्देश्य से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के तीनों विकासखंडों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने समय सीमा की बैठक में इन शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शिविर स्थलों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने तथा अधिकाधिक आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जारी कार्यक्रम के अनुसार पहला विशेष शिविर 01 अक्टूबर 2026 को विकासखंड बिलाईगढ़ के शासकीय शहीद वीर नारायण सिंह महाविद्यालय मैदान में आयोजित होगा। एसडीएम बिलाईगढ़ श्रीमती ऋचा सिंह को नोडल अधिकारी तथा श्रीमती योगेश्वरी वर्मन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बिलाईगढ़ एवं श्रीमती नीलिमा अग्रवाल, तहसीलदार बिलाईगढ़ को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।
दूसरा शिविर 03 अक्टूबर 2026 को सारंगढ़ विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर, दानसरा में आयोजित किया जाएगा। एसडीएम सारंगढ़ श्री उमेश कुमार साहू को नोडल अधिकारी तथा श्री राधेश्याम नायक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सारंगढ़ एवं श्री एन.के. सिन्हा, तहसीलदार सारंगढ़ को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
तीसरा शिविर 05 अक्टूबर 2026 को बरमकेला विकासखंड के शासकीय माध्यमिक शाला मैदान, जनकपुर में आयोजित होगा। इसके लिए एसडीएम सारंगढ़ श्री उमेश कुमार साहू को नोडल अधिकारी तथा श्रीमती शिखा शर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बरमकेला और श्री कोमल साहू, तहसीलदार बरमकेला को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन विशेष शिविरों में आम नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध हो तथा उनकी समस्याओं और आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
समाचार क्रमांक 883// गुलाब डड़सेना फोटो क्रमांक …




